आग तापने के दौरान गरमाया दिमाग
भोजपुर में दो पक्षों के बीच भारी तनाव, मारपीट और फायरिंग से सहमा इलाका
भोजपुर : सूबे में हर छोटी बड़ी बात पर मारपीट और फायरिंग आम बात हो गई है। ताजा मामला सामने आया है भोजपुर जिले से जहां महज आग तापने के दौरान उपजे विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट व फायरिंग हुई। इस दौरान हुई फायरिंग में एक युवक को गोली लग गई। जिसके बाद उसे आननफानन में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना को लेकर गांव एवं आसपास की इलाके में सनसनी मच गई है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जुट गई है। इधर अनिल कुमार ने बताया कि खलिहान में उसके बड़े भाई ने पुआल रखा था। जिसे दूसरे पक्ष के लल्लू यादव अपने कुछ अन्य साथियों के साथ बैठकर खलिहान में रखे पुआल को जलाकर आग ताप रहा था। जब उसने उसे मना किया तो दोनों के बीच कहासुनी हुई।
जिसके बाद लालू यादव अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी पिटाई कर दी। जिसके बाद वह अपने घर गया और अपने बड़े भाई को बुलाकर ले आया। जिसके बाद दोनों के पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। तभी लल्लू यादव के साथ रहे साथियों में से एक युवक घर गया और हथियार लाकर उसे गोली मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इसके बाद उसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया जहां उसका इलाज कराया जा रहा है। वही मारपीट के दौरान दूसरे पक्ष का लालू यादव भी जख्मी हो गया। दूसरी ओर जख्मी अनिल कुमार ने लालू यादव के रिश्ते में लग रहे हैं मामा पर खुद को गोली मारने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है।
वही इस मामले में एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि गड़हनी थाना अंतर्गत एकौनी गांव में आग तापने के दौरान पुआल रखने को लेकर दो पड़ोसी लोगों में मारपीट हो गई। जिसमें एक पक्ष के द्वारा दो राउंड गोली भी चलाई गई। इस दौरान मारपीट में दोनों पक्षों से कुछ लोग लाठी-डंडे की चोट से घायल हो गए। उन्होंने ने बताया कि आरंभ में कुछ सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति को पांव में गोली भी लगी है। परंतु डॉक्टर से मंतव्य प्राप्त करने पर डॉक्टर ने इसे संदिग्ध बताया और संभवतः लाठी की चोट से पांव में लगने से खून निकलने के बात बताई है ।कुछ लोगों की गिरफ्तारी भी सुनिश्चित की गई है। इस मामले में दोनों तरफ से तीन-चार लोग घायल हुए हैं। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई कर रही है।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।