JHARKHAND NEWS
फील्ड कर्मियों,अधिकारियों को कई महीनों से वेतन नहीं
फील्ड कर्मियों,अधिकारियों को वेतन कई महीनों से वेतन नहीं
न्यूज़ डेस्क/रांची: पेयजल और स्वच्छता विभाग के रांची पूर्वी प्रमंडल के फील्ड कर्मियों, अधिकारियों को वेतन के लाले पड़ गए हैं। यहां पदस्थापित कार्यपालक अभियंता राजेश रंजन की वजह से फील्ड कर्मियों को समय पर वेतन किसी भी माह नहीं मिल रहा है. रांची पूर्वी प्रमंडल के अंतर्गत बुंडू, राहे, सिल्ली, सोनाहातू, तमाड़, ओरमांझी, डोरंडा (हिनू सेक्शन) का कुछ हिस्सा आता है. इसमें 70 से अधिक फील्ड स्टाफ हैं, जिसमें सहायक अभियंता, प्रारूपक, कंप्यूटर आपरेटर, सहायक, एसडीओ और अन्य अधिकारी और कर्मी शामिल हैं. कर्मियों का कहना है कि एक साल से कभी भी समय पर वेतन का भुगतान नहीं होता है. यहां तक की कर्मचारी भविष्य निधि के ब्याज का स्टेटमेंट भी समय पर नहीं दिया जा रहा है. साथ ही साथ दुर्गा पूजा, दीपावली, छठ, ईद के मौके पर राज्य सरकार के सभी महकमों में समय पूर्व वेतन भुगतान का आदेश जारी होता है, पर रांची पूर्व में यह नियम लागू ही नहीं होता है.
कार्यालय आदेश का नहीं होता है अनुपालन
कर्मियों का कहना है कि पेयजल और स्वच्छता विभाग की तरफ से 25.4.2018 को पत्रांक संख्या 1841 के तहत एक आदेश जारी किया गया था. जारी अदेश में सभी अधीक्षण अभियंता, सभी कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया गया था कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों का वेतन समय पर भुगतान करें. यह भी कहा गया था कि मुख्यालय की तरफ से वेतन भुगतान की राशि का आवंटन होने पर भी कर्मियों को वेतन समय पर नहीं मिल पाता है. समय पर वेतन का भुगतान नहीं होने से कर्मियों के कार्य करने की क्षमता पर प्रतिकूल असर पड़ता है.
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।