Hindi News / बिहार मुक्त विद्यालयी बोर्ड के उप निदेशक के तीन ठिकानों पर दबिश,3.43 करोड़...

EOU की छापेमारी : बिहार मुक्त विद्यालयी बोर्ड के उप निदेशक के तीन ठिकानों पर दबिश,3.43 करोड़ की संपत्ति का मामला

Edited By:  |
eou ki chapemari

पटना:बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड के उप निदेशक अजय कुमार सिंह के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में आर्थिक अपराध इकाई ने बड़ी कार्रवाई की है। आर्थिक अपराध इकाई थाना कांड संख्या 19/26, दिनांक 19 अगस्त 2026 को दर्ज किया गया है। इसके बाद विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से तलाशी अधिपत्र प्राप्त कर गुरुवार सुबह तीन अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया गया।

EOU के अनुसार, सत्यापन के दौरान अजय कुमार सिंह के पास उनकी ज्ञात आय के स्रोतों से करीब 3 करोड़ 43 लाख 78 हजार 300 रुपये अधिक संपत्ति अर्जित किए जाने का प्रथम दृष्टया साक्ष्य मिला है। यह राशि उनकी ज्ञात आय से लगभग 90.04 प्रतिशत अधिक बताई गई है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की संशोधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

तलाशी के लिए पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। पहली टीम पटना के खाजपुरा स्थित चन्द्रतारा भवन, बीवी कॉलेज, आकाशवाणी रोड पहुंची है। यहां अजय कुमार सिंह से जुड़े परिसर में तलाशी की जा रही है।

दूसरी टीम बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड के मिठापुर स्थित कार्यालय में उनके कक्ष की तलाशी ले रही है। वहीं तीसरी टीम बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के ग्राम परोरा स्थित उनके पैतृक मकान पर पहुंची है।

EOU की कार्रवाई के दौरान दस्तावेज, संपत्ति से जुड़े कागजात और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री की जांच की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, तलाशी अभियान पूरा होने के बाद बरामदगी और जांच से जुड़ी विस्तृत जानकारी जारी की जाएगी। मामले में आगे की कार्रवाई तलाशी के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और दस्तावेजों के आधार पर होगी।