Jharkhand News
दुर्गा पूजा को लेकर गढ़वा प्रशासन अलर्ट, संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर
गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिले को सरकार ने अति संवेदनशील जिलों की श्रेणी में रखा है। पर्व-त्योहारों के दौरान अतीत में हुई घटनाओं को देखते हुए इस बार जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। नवरात्रि और दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। जिले के संवेदनशील और अति संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखी जा रही है। डीसी पीएन मिश्रा और एसपी आशुतोष शेखर स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं, जबकि कंट्रोल रूम से पूरे जिले की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। वहीं, सप्तमी के बाद मां दुर्गा के पट खुलते ही पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी है।
शहर से लेकर गांव तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
गढ़वा जिले में दुर्गा पूजा हो या रामनवमी,पर्व-त्योहारों के दौरान अतीत में कई बार तनाव और अशांति की स्थिति उत्पन्न हुई है। पिछले दो वर्षों में भी गढ़वा जिला विभिन्न घटनाओं को लेकर राष्ट्रीय मीडिया की सुर्खियों में रहा है। इन अनुभवों से सबक लेते हुए इस बार जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं। मॉक ड्रिल से लेकर फ्लैग मार्च तक के जरिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश देने की कोशिश की है।
डीसी पीएन मिश्रा और एसपी आशुतोष शेखर शहरी क्षेत्रों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। दोनों अधिकारी संवेदनशील और अति संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर लोगों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील कर रहे हैं।
इसी क्रम में उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने गढ़वा सदर,मझिआंव,श्री बंशीधर नगर,रमना और विशुनपुरा प्रखंडों के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधाओं,सुरक्षा व्यवस्था और पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए की गई तैयारियों की जानकारी ली।
कोलकाता की घटना के बाद पूजा समितियों को निर्देश
वहीं,कोलकाता की घटना के बाद मुख्यालय के भगलपुर क्षेत्र में देर रात डीसी और एसपी ने कई पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। संभावित भीड़ को देखते हुए पूजा समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान एक आकर्षक पूजा पंडाल का उद्घाटन भी किया गया। एआई तकनीक की मदद से तैयार पंडाल की सजावट ने अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया।
दोनों वरीय अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से शांतिपूर्ण माहौल में पूजा-अर्चना करने और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। साथ ही, संबंधित पदाधिकारियों, दंडाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि दुर्गा पूजा एवं दशहरा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। सभी पूजा पंडालों और संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं, ताकि श्रद्धालु निर्भय होकर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर सकें।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।