JHARKHAND NEWS
डॉ. भारती कश्यप को ‘स्पेशल लीडरशिप अवॉर्ड’, महिला स्वास्थ्य और नेत्र चिकित्सा में उत्कृष्ट योगदान को राष्ट्रीय सम्मान
रांची : झारखंड की प्रख्यात नेत्र रोग विशेषज्ञ, समाजसेवी एवं नारी शक्ति पुरस्कार से सम्मानित डॉ. भारती कश्यप को ‘वीमेन ऑप्थैल्मोलॉजिस्ट्स सोसाइटी ऑफ इंडिया’ (WOS) के उद्घाटन समारोह में प्रतिष्ठित ‘स्पेशल लीडरशिप अवॉर्ड’ से नवाजा गया. यह सम्मान उन्हें ऑल इंडिया ऑप्थैल्मोलॉजिकल सोसाइटी (AIOS) के अध्यक्ष प्रो. डॉ. जे. एस. तितियाल तथा आई बैंक एसोसिएशन ऑफ इंडिया की उपाध्यक्ष डॉ. नम्रता शर्मा द्वारा प्रदान किया गया.
यह राष्ट्रीय सम्मान चिकित्सा सेवा के साथ-साथ महिला स्वास्थ्य,बच्चों की दृष्टि सुरक्षा और ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावी विस्तार के लिए डॉ. कश्यप के जनसेवा कार्यों को रेखांकित करता है.
छह लाख महिलाओं की सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग
आईएमए (IMA)झारखंड वीमेंस डॉक्टर्स विंग की अध्यक्ष के रूप में डॉ. भारती कश्यप के नेतृत्व में सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन के लिए सघन अभियान चलाया गया. अप्रैल 2021 से मई 2026 के बीच राज्यभर में छह लाख से अधिक महिलाओं की स्क्रीनिंग पूरी की गई. पाकुड़,संथाल परगना और कोल्हान जैसे दूरदराज के क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देते हुए जरूरतमंद महिलाओं को समय पर जांच,परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया गया. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM)के साथ विंग की आधिकारिक साझेदारी ने इस अभियान को व्यापक सामुदायिक स्तर तक पहुंचाने में निर्णायक भूमिका निभाई.
25 लाख स्कूली बच्चों की दृष्टि सुरक्षा
बाल नेत्र सुरक्षा के क्षेत्र में डॉ. कश्यप की पहल से झारखंड के सरकारी स्कूलों के 25 लाख से अधिक बच्चों की आंखों की जांच की गई. इस अभियान के तहत दृष्टि दोष से जूझ रहे बच्चों को निशुल्क चश्मे बांटे गए और मोतियाबिंद से पीड़ित सैकड़ों बच्चों की सर्जरी कर उन्हें पुनः सामान्य जीवन व शिक्षा से जोड़ा गया. इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को समय पर रोशनी मिली.
चिकित्सा से सामाजिक सरोकार तक
नेत्र चिकित्सा को वंचित वर्गों की सेवा से जोड़ते हुए डॉ. कश्यप ने अस्पताल से गांवों तक स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत किया है. वर्ष 2017 में राष्ट्रपति द्वारा‘नारी शक्ति पुरस्कार’प्राप्त कर चुकीं डॉ. कश्यप को मिला‘स्पेशल लीडरशिप अवॉर्ड’उनके निरंतर समर्पण,चिकित्सा नेतृत्व और जनस्वास्थ्य सुधार के प्रति एक और महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मान्यता है.
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।