'डॉक्टर साहब.... मुझे गोली लगी है' : जख्मी हालत में अस्पताल पहुंचा शख्स, बदमाशों की गोली का बना शिकार

Edited By:  |
Reported By:
doctor sahab mujhe lagi hai goli

सहरसा : बिहार में अपराधियों का मनोबल इन दिनों सातवें आसमान पर है। बेख़ौफ़ अपराधी एक के बाद एक क्राइम की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला सामने आया है सहरसा से जहां रिश्तेदार से मिलकर घर लौट रहे युवक अपराधियों की गोली का शिकार हो गया। घटना के बाद खून से लथपथ शख्स बाइक चलाकर अस्पताल पहुंचा और डॉक्टर को देखते ही जमीन पर गिर गया।

मामला सहरसा के सहरसा-मधेपुरा हाइवे का है जहां अपराधियों ने बाइक सवार युवक को गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। इधर गोली लगने के बाद खून से लथपथ युवक खुद ही बाइक चलाकर बैजनाथपुर स्थित लॉर्ड बुद्धा मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचा और डॉक्टर से यह कहकर बेहोश हो गया कि साहब मुझे गोली लगी है। घायल युवक की पहचान सदर थाना क्षेत्र के गांधी पथ निवासी छोटेलाल साह का पुत्र रवि साह के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि युवक मधेपुरा जिला के रतनपुरा गांव स्थित अपनी मौसी के घर गया हुआ था। जहां से वह बुधवार की देर शाम वापस अपने घर लौट रहा था।इसी क्रम में बेखौफ बदमाशों ने बीच रास्ते में ही उसे गोली मार दी और मौके से फरार हो गये। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए घायक को सहरसा रेफर कर दिया है। वहीँ सूचना पर पहुंची पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।