Live

BREAKING NEWS

दीपावली पर देश-दुनिया में जश्न, पीएम मोदी ने राष्ट्रपति मुर्मू से की मुलाकात, बस्तर में जवानों संग मनाया रोशनी का त्योहार

D
Deepak Kumarलेखक

नई दिल्ली: दीपावली के अवसर पर देशभर के साथ-साथ दुनिया के कई देशों में भी रोशनी के त्योहार का उत्साह देखने को मिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से राष्ट्रपति भवन में मुलाकात की और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने एक-दूसरे को त्योहार की बधाई दी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी भारत और विदेशों में रहने वाले सभी भारतीयों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लोगों के अच्छे स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि की कामना की। अपने संदेश में राष्ट्रपति ने भगवान श्रीराम की रावण पर विजय के बाद अयोध्या वापसी और दीप जलाकर किए गए स्वागत का उल्लेख किया।

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी परंपरा जारी रखते हुए छत्तीसगढ़ के बस्तर में सुरक्षा बलों के जवानों के साथ दीपावली मनाई। वह करनपुर स्थित कोबरा ऑपरेशन बेस पहुंचे। यहां उन्होंने सीआरपीएफ के शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान जवानों ने पारंपरिक आदिवासी गीतों पर उत्सव मनाया और भारत माता की जय के नारे लगाए।

दीपावली के मौके पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी शुभकामनाओं का सिलसिला जारी रहा। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भारत, फ्रांस और दुनिया के विभिन्न देशों में रहने वाले भारतीयों को बधाई दी। उन्होंने दीपावली की रोशनी को एकता, शांति और उम्मीद का संदेश बताया।

ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने भी दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए इसे अंधकार पर प्रकाश की जीत का महान उत्सव बताया। उन्होंने कहा कि यह त्योहार विभिन्न धर्मों और संस्कृतियों के लोगों को एक साथ जोड़ता है। इधर, जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर तैनात भारतीय सेना के जवानों ने भी अपने परिवारों से दूर रहकर दीपावली मनाई।

संजय कुमार की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें