दिनदहाड़े लूटपाट : सारण जिले में ज्वेलर्स दुकान से 20 लाख की लूट,हथियार लहराते पहुंचे पांच बदमाश

Edited By:  |
din dahare jwellers dukan mein loot

सारण: शहर में दिनदहाड़े ज्वेलर्स दुकान से 20 लाख की लूटपाट करने का मामला सामने आया है. मांझी महम्मदपुर में हथियार लहराते पांच बदमाशों ने धावा बोला. दुकान से 20 लाख के जेवर लेकर फरार हो गए. पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है. जिसके आधार पर पुलिस अपराधियों की पहचान में जुट गई है.

सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहम्मदपुर एसबीआई बैंक गली में दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने बड़ी लूट की घटना को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैलाई है. पांच की संख्या में पहुंचे बदमाशों ने ज्वेलर्स की दुकान में घुसकर हथियार के बल पर करीब 20 लाख रुपये के आभूषण और नगद लूट ली.

मिली जानकारी के अनुसार, मोहम्मदपुर बाजार स्थित ‘गुप्ता ज्वेलर्स एंड बर्तन भंडार’ में रोजाना की तरह दुकान संचालक बृज बिहारी गुप्ता ग्राहकों को आभूषण दिखा रहे थे. इस दौरान उत्तर दिशा की ओर से दो बाइक पर सवार पांच अपराधी दुकान के सामने पहुंचे. सभी के हाथों में हथियार थे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुकान के पास पहुंचते ही बदमाशों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग की. जिससे बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे.

जिसके बाद तीन अपराधी दुकान के अंदर घुस गए, अन्य दो अपराधी बाहर पहरा देते रहे. अंदर घुसे बदमाशों ने हथियार दिखाकर दुकानदार को डराया और दुकान में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगद को बोरे में भर लिया. लूटपाट के बाद सभी अपराधी फायरिंग करते हुए फरार हो गया.

सूचना मिलते ही मांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि अपराधी हथियार लहराते हुए दुकान में प्रवेश कर रहे हैं और कुछ ही मिनटों में वारदात को अंजाम देकर निकल जाते हैं.मामले की जानकारी देते हुए सदर एसडीपीओ राजकुमार ने बताया कि मोहम्मदपुर बाजार में ज्वेलर्स दुकान से लूट की घटना सामने आई है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने में जुट गई है. आस-पास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा. वहीं,स्थानीय व्यवसायियों ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग कर रहे.