नवादा में डायरिया का कहर
रजौली-सिरदला प्रखंड में दर्जनों लोग बीमार, प्रशासन ने नहीं लगाया मेडिकल कैंप
NAWADA :नवादा जिले के रजौली अनुमंडल क्षेत्र के रजौली व सिरदला प्रखंड में डायरिया का कहर जारी है।अनुमण्डल अस्पताल में डायरिया के नित्य नए मरीज आ रहे हैं।वर्तमान में दर्जनों मरीज अनुमण्डल अस्पताल में भर्ती हैं।वहीं लोगों का कहना है कि अभी तक स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई भी मेडिकल कैंप नहीं लगाया गया है।
अनुमण्डल अस्पताल में भर्ती मरीजों में सिरदला प्रखण्ड के परसा गांव के मुकेश राजवंशी की पत्नी पूनम देवी,मिथुन राजवंशी का पुत्र रितिक कुमार,दिनेश राजवंशी की पुत्री खुश्बू कुमारी,सुरेन्द्र रविदास की पुत्री शिवानी कुमारी,रामधनी राजवंशी का पुत्र जगदीश राजवंशी,मुकुल राजवंशी का पुत्र सुमित कुमार,सुरेंद्र राजवंशी का पुत्र गोलू कुमार व रजौली प्रखण्ड के सिमरकोल गांव के अलखदेव प्रसाद का पुत्र नरेश प्रसाद शामिल हैं।
पीड़ित मरीजों ने बताया कि विगत तीन दिनों से गांव में कुछ लोगों दस्त व उल्टी से परेशान हैं।साथ ही सभी पीड़ित लोग विगत दो दिनों से अस्पताल में भर्ती हैं।जिनकी देखरेख डॉ धीरेंद्र कुमार,डॉ राघवेन्द्र भारती, डॉ श्यामनन्दन प्रसाद व डॉ मुन्ना दुसाद के नेतृत्व में चल रहा है।अनुमण्डल चिकित्सा प्रभारी डॉ राजीव कुमार ने बताया कि अनुमण्डल क्षेत्र के विभिन्न गांवों से डायरिया के मरीज लगातार आ रहे हैं।कुछ ठीक होकर घर लौट चुके हैं।तो वहीं दर्जनों डायरिया से पीड़ित लोगों का इलाज चिकित्सक व जीएनएम की देखरेख में किया जा रहा है।
बताते चलें कि इससे लगभग 15 दिन पूर्व रजौली प्रखण्ड के सिरोडवार पंचायत में डायरिया फैलने से दो लोगों मौत हो चुकी थी व दर्जनों लोग डायरिया से पीड़ित होकर अस्पताल में भर्ती हो गए थे।कुछ समय बाद वे सभी स्वस्थ्य होकर वापस अपने घर लौट गए।इस बार सिरदला प्रखण्ड के परसा गांव डायरिया के प्रकोप में फंस गया है।सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक गांव में पीएचसी सिरदला द्वारा अभी तक किसी प्रकार के चिकित्सकीय कैम्प का आयोजन नहीं किया गया है।जिससे ग्रामीणों में रोष देखा रहा है।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।