Hindi News / धर्मेंद्र प्रधान को मैथिल पाग पहनाकर किया गया सम्मानित, संसद परिसर में गूंजे...

DELHI NEWS : धर्मेंद्र प्रधान को मैथिल पाग पहनाकर किया गया सम्मानित, संसद परिसर में गूंजे समर्थन के नारे

Edited By:  |
delhi news

नई दिल्ली:पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के संसद पहुंचने पर बिहार के दरभंगा से भाजपा सांसद गोपाल जी ठाकुर ने पारंपरिक मैथिल पाग पहनाकर उनका सम्मान किया. यह सम्मान उस समय दिया गया जब धर्मेंद्र प्रधान हाल के राजनीतिक घटनाक्रम के बाद संसद पहुंचे. मैथिल संस्कृति की पहचान माने जाने वाले पाग को पहनाकर सांसद ने उन्हें बिहार की सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हुए अभिनंदन किया.

इस अवसर पर संसद परिसर में मौजूद भाजपा सांसदों,कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने धर्मेंद्र प्रधान का गर्मजोशी से स्वागत किया. "धर्मेंद्र प्रधान जिंदाबाद" और भाजपा के समर्थन में लगाए गए नारों से पूरा परिसर गूंज उठा. समर्थकों ने इसे उनके नेतृत्व और कार्यशैली के प्रति सम्मान तथा विश्वास का प्रतीक बताया.

गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि मैथिल पाग केवल एक पारंपरिक पहनावा नहीं,बल्कि मिथिला की संस्कृति,सम्मान और स्वाभिमान का प्रतीक है. उन्होंने धर्मेंद्र प्रधान को यह सम्मान देकर बिहार और मिथिला की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का संदेश देने की बात कही.

धर्मेंद्र प्रधान ने भी इस सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया और मिथिला की सांस्कृतिक विरासत की सराहना की. उन्होंने कहा कि देश की विविध सांस्कृतिक परंपराएं भारत की सबसे बड़ी शक्ति है और उनका सम्मान करना सभी का दायित्व है.

संसद परिसर में हुए इस सम्मान समारोह की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहे हैं. भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि बिहार की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है.

संजय कुमार की रिपोर्ट-