मेला घूमने आए शख्स पर जानलेवा हमला
बदमाशों ने पेट में घोंपा चाकू, युवक की हालत नाजुक, PMCH रेफर
NAWADA :नवादा में अपने भाई और दोस्तों के साथ दशहरा मेला घूमने आए एक युवक को बदमाशों ने पेट में चाकू मार कर बदमाश फरार हो गए। इस घटना में युवक की आंतें बाहर निकल आयीं और वह लहूलुहान हो गया।
चाकूबाजी में घायल युवक के साथ रहे भाई और दोस्तों ने उसे आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन हालत नाजुक होने पर उसे पटना के पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है। चाकूबाजी में घायल युवक मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गुरमहा गांव के निवासी संजय कुमार का पुत्र कुणाल कुमार बताया गया है।
बताया जाता है कि युवक कुणाल अपने भाई सुशांत और कुछ दोस्तों के साथ दशहरा मेला घूमने नवादा आया था, जहां नगर थाना क्षेत्र के न्यू एरिया यमुना पथ में सड़क किनारे दोस्तों के साथ बैठ कर मोबाइल पर क्रिकेट मैच देख रहा था, तभी एक युवक पास से उसके पेट में चाकू मारकर फरार हो गया।
घटना की सूचना के बाद नगर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल की। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को पुलिस खंगाल रही है। हालांकि, पारिवारिक सूत्र बताते हैं कि युवक या उसके परिवार के किसी सदस्य की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। कुणाल पटना में रहकर बीसीए की पढ़ाई करता है। गांव या नवादा शहर में उसकी किसी से दुश्मनी नहीं थी। फिलहाल नगर थाना की पुलिस घटना के कारणों को तलाश रही है। वहीं, पुलिस हमलवार की शिनाख्त में जुट गई है।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।