Live

Jharkhand News

दशम फॉल में डूबे बिहार के युवक का शव बरामद, 24 घंटे के भीतर स्थानीय गोताखोरों ने निकाला शव

D
Deepak Kumarलेखक

बुंडू/रांचीःझारखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल दशम फॉल में डूबे बिहार के युवक का शव सोमवार शाम बरामद कर लिया गया। स्थानीय गोताखोरों ने करीब24घंटे तक चले खोज अभियान के बाद शाम में युवक का शव पानी से बाहर निकाला। घटना के बाद मृतक के परिजनों में मातम पसरा है।

दुर्गा पूजा घूमने रांची आया था युवक

जानकारी के अनुसार,बिहार के दानापुर से एक युवक दुर्गा पूजा देखने रांची आया था। रविवार शाम वह अपने ममेरे भाई के साथ दशम फॉल पहुंचा। दोनों फॉल के ऊपरी हिस्से में जंगल की तरफ फोटो शूट करने के लिए गए थे।

बताया जा रहा है कि ममेरा भाई फोटो खींचने में व्यस्त था। इसी दौरान जब उसने पलटकर देखा,तो युवक वहां से गायब था। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला। इसके बाद वह दशम फॉल में तैनात पर्यटक मित्रों के पास पहुंचा और घटना की जानकारी दी।

रातभर चली खोजबीन,सोमवार को मिला शव

घटना की सूचना मिलते ही दशम फॉल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू कर दी। रविवार रात तक खोज अभियान चलाया गया,लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिला।

सोमवार सुबह से स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोबारा खोजबीन शुरू की गई। काफी मशक्कत के बाद शाम में युवक का शव बरामद किया गया।

मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी

खोज अभियान के दौरान बुंडू एसडीपीओ,दशम फॉल थाना प्रभारी और बुंडू के अंचल अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे हुए थे।

युवक की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दुर्गा पूजा के दौरान घूमने आए युवक के साथ हुए इस हादसे से इलाके में शोक का माहौल है।

पर्यटकों से अपील: दशम फॉल जैसे जलप्रपातों में घूमने के दौरान सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। फॉल के ऊपरी हिस्से,फिसलन भरे पत्थरों और गहरे पानी के आसपास सावधानी बरतें तथा जोखिम वाले स्थानों पर फोटो शूट करने से बचें।

बुंडू से जितेन सार की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें