दरभंगा में पथ निर्माण मंत्री ने की बैठक : सड़क एवं पुल निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा,कार्यों में गति लाने के निर्देश
दरभंगा:बिहार सरकार के पथ निर्माण विभाग के मंत्री ई. कुमार शैलेन्द्र की अध्यक्षता में रविवार को उनके सभा कक्ष में समीक्षा बैठक हुई.जिले में संचालित विभिन्न पथ एवं पुल निर्माण परियोजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई. बैठक में दरभंगा जिले में अवसंरचनात्मक विकास को गति देने और आमजन को सुगम यातायात की सुविधा प्रदान करने के लिए क्रियान्वित सभी पथ एवं पुल निर्माण योजनाओं के भौतिक प्रगति,भूमि अधिग्रहण,सुगम यातायात,अलाइनमेंट,परियोजनाओं के लागू करने में आ रहे अवरोधों को दूर करने सहित अन्य बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई.
दरभंगा एलिवेटेड रोड,लोहिया चौक-पंडासराय एलिवेटेड रोड और दिल्ली मोड़, कगवा गुमटी, दोनार चौक, चट्टी चौक व पंडासराय पर बनने वाले ROBs से शहर के मुख्य चौराहों पर लगने वाले भीषण जाम से मुक्ति मिलेगी. साथ ही पथों के सुदृढ़ीकरण से स्थानीय कारोबारियों, मंडियों और व्यापारियों को माल ढुलाई में बड़ी सहूलियत मिलेगी. इसी क्रम में परियोजनाओं के बाधाओं को दूर करने,भूमि अधिग्रहण के निराकरण पर भी विस्तृत चर्चा की गई.
बैठक में सचिव ने बताया कि सभी परियोजनाओं की सतत मॉनीटरिंग की जा रही है ताकि ससमय परियोजनाओं को धरातल पर उतारा जा सके. समय सीमा से पीछे चल रही परियोजनाओं को तीव्र गति से पूर्ण करने के लिए लगातार कार्यों की समीक्षा एवं स्थल निरीक्षण किया जा रहा है. इसके अतिरिक्त एजेंसी को डिबार करने की कार्रवाई की जा रही. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि लापरवाही बरतने वाले पदाधिकारियों पर भी कार्रवाई की जाएगी.
दरभंगा जिले में संचालित विभिन्न पथ एवं पुल निर्माण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा एवं स्थल निरीक्षण के लिए वरीय पदाधिकारियों की उच्चस्तरीय टीम सोमवार को दरभंगा जाएगी. इसके लिए पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए. मुख्यालय स्तर से परियोजनाओं की मॉनीटरिंग की जाएगी ताकि निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण सड़कों का निर्माण किया जा सके.
बैठक में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल सहित बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लि०, बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लि०, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के पदाधिकारी तथा दरभंगा, समस्तीपुर व जयनगर क्षेत्र के कार्यपालक अभियंताओं की मौजूदगी रही.