दरभंगा-अमृतसर एक्सप्रेस में सीट विवाद
वर्दीधारी जीआरपी जवान पर महिला से मारपीट का आरोप, वीडियो वायरल, जांच शुरू
उत्तर प्रदेश में चलती ट्रेन के अंदर एक वर्दीधारी पुलिसकर्मी पर महिला के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है. सीट को लेकर हुए विवाद के दौरान बिहार की एक महिला और उसकी बेटी के साथ कथित मारपीट की घटना सामने आई है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है. जीआरपी मुरादाबाद ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक, बिहार का एक परिवार छठ पूजा मनाने के बाद पंजाब के लुधियाना लौट रहा था. परिवार जननायक एक्सप्रेस (15211) में सफर कर रहा था. 18 नवंबर को ट्रेन मुरादाबाद से नजीबाबाद की ओर जा रही थी. इसी दौरान एस्कॉर्ट ड्यूटी में तैनात जीआरपी के दो जवान ट्रेन में दो महिलाओं के साथ पहुंचे. सीट पर बैठने को लेकर विवाद शुरू हुआ, जिसके बाद मामला बढ़ गया.
पीड़ित परिवार की बेटी का आरोप है कि उसकी मां की तबीयत खराब थी और वह बीपी की मरीज हैं. परिवार ने दूसरी सीट पर जगह देने की कोशिश की, लेकिन विवाद बढ़ता गया. आरोप है कि पुलिसकर्मी ने महिला को नीचे गिराकर मारपीट की, जिससे उनके माथे पर चोट लगी और खून निकलने लगा. इस दौरान महिला का मंगलसूत्र भी टूट गया. बेटी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की.
वायरल वीडियो में एक वर्दीधारी पुलिसकर्मी महिला के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है. हालांकि, जीआरपी का कहना है कि सीट विवाद के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ भी मारपीट हुई थी. सिपाहियों की शिकायत पर चार महिलाओं और दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. बिहार के दो युवकों को गिरफ्तार भी किया गया है.
मामले की जांच जारी है. घटना ने ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा और पुलिसकर्मियों के व्यवहार को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.
संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।