Hindi News / नालंदा पुलिस ने दो आरोपियों को छत्तीसगढ़ से दबोचा,नगद और जेवरात बरामद

करोड़ों की डकैती कांड का खुलासा : नालंदा पुलिस ने दो आरोपियों को छत्तीसगढ़ से दबोचा,नगद और जेवरात बरामद

Edited By:  |
croron ki daikati kand ka khulasa

नालंदा: जिले दीपनगर थाना क्षेत्र के देवी सराय स्थित राजीव रंजन के घर पर बीते 3 अगस्त को हुई करोड़ों की डकैती मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. दीपनगर थाना पुलिस और डीआईओ की संयुक्त टीम ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए डकैती कांड में शामिल दो आरोपियों को छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार किया है. गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को नालंदा लाया गया, जहां पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है.

सदर डीएसपी अमरनाथ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुलनी गांव निवासी राजकुमार महतो के बेटे सोनू कुमार और जोरारपुर गांव निवासी शिव शंकर प्रसाद के बेटे धीरज कुमार के रूप में हुई है.पुलिस के अनुसार,दोनों आरोपी डकैती की वारदात में शामिल थे और घटना के बाद पुलिस से बचने के लिए दूसरे राज्य में जाकर छिपे हुए थे.

पुलिस टीम ने आरोपियों के पास से लूटे गए सामानों में से सोने की दो चेन, दो मंगलसूत्र, एक सोने का सिक्का, एक सोने का लॉकेट, दो मोबाइल और 4 लाख 72 हजार नगद बरामद किए हैं. बरामद सामानों को पुलिस ने जब्त कर लिया है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है.

बता दें कि 3 अगस्त को देवी सराय स्थित राजीव रंजन के घर पर अपराधियों ने धावा बोलकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया था. घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया. पुलिस और डीआईओ की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की और उनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही थी.

छत्तीसगढ़ में दोनों आरोपियों के ठिकाने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर कार्रवाई की और दोनों को गिरफ्तार कर लिया.पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस अब घटना में शामिल अन्य अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही.

सदर डीएसपी अमरनाथ ने बताया कि डकैती कांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ और आगे की कार्रवाई में घटना से जुड़े अन्य आरोपियों और लूटे गए सामान के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है.