कांग्रेस नेता हरिराम बाबू का निधन : रांची में मंत्री राधाकृष्ण किशोर, केशव महतो कमलेश समेत सभी कांग्रेसजनों ने दी श्रद्धांजलि
रांची : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक हरिराम बाबू के पार्थिव शरीर कोशनिवार को पूर्वाह्न11:00बजे झारखंड प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय,रांची लाया गया,जहाँ कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की.
इस अवसर पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश तथा राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने दिवंगत नेता के पार्थिव शरीर पर कांग्रेस का ध्वज अर्पित कर उन्हें अंतिम सम्मान दिया. उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर उनके प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की तथा दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की.
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि हरिराम बाबू ने अपना पूरा जीवन कांग्रेस की विचारधारा,संगठन और जनसेवा के लिए समर्पित किया. वे एक सादगीपूर्ण,कर्मठ एवं जनप्रिय नेता थे. उनका निधन कांग्रेस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है,जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है.
राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि हरिराम बाबू का सार्वजनिक जीवन संघर्ष,सेवा और जनहित के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण रहा. उन्होंने हमेशा समाज के वंचित एवं कमजोर वर्गों की आवाज बुलंद की. उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा.
कांग्रेस मुख्यालय में श्रद्धांजलि सभा के बाद दिवंगत हरिराम बाबू के पार्थिव शरीर को हरमू मुक्ति धाम ले जाया गया,जहाँ पूरे सामाजिक सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया.
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी दिवंगत आत्मा को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करती है तथा शोक-संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती है.
श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में मंजूर अहमद अंसारी, रोशन लाल भाटिया,राकेश सिन्हा,सुनीत शर्मा, राजेश गुप्ता छोटू,कामेश्वर गिरी,सुनील सिंह, कुमार राजा,राजन बर्मा, चंचल चटर्जी,धर्मेंद्र सिंह, रियाज अंसारी,उज्ज्वल तिवारी, जगदीश साहू, नरेंद्र लाल गोपी,राकेश सिन्हा शामिल रहे.