Live

Jharkhand News

मुख्यमंत्री की दिवंगत माता स्व. रूपी सोरेन का श्राद्ध कर्म संपन्न, विधायक समेत कई गणमान्य लोगों ने दी श्रद्धांजलि

D
Deepak Kumarलेखक

धनबाद: धनबाद जिले के टुंडी प्रखंड अंतर्गत मनियाडीह थाना क्षेत्र के पोखरिया स्थित शिबू सोरेन आश्रम में झारखंड के मुख्यमंत्री की दिवंगत माता स्वर्गीय रूपी सोरेन के श्राद्ध कर्म एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने पहुंचकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक-संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

कार्यक्रम की शुरुआत शिबू सोरेन आश्रम में स्थापित दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित लोगों ने स्व. रूपी सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई और उनके प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की गई।

टुंडी विधायक समेत कई अधिकारी रहे मौजूद

श्रद्धांजलि सभा में टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने स्व. रूपी सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों की भी उपस्थिति रही। इनमें टुंडी के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) विशाल कुमार पांडेय, अंचल अधिकारी (सीओ) सुरेश प्रसाद वर्णवाल, डीएसपी नाजिर अख्तर तथा टुंडी और मनियाडीह के थाना प्रभारी समेत कई पुलिस अधिकारी शामिल हुए।

झामुमो कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने दी श्रद्धांजलि

इस अवसर पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष फूलचंद किस्कू, सचिव अब्दुल रसीद अंसारी, श्रवण टुडू, शहादत अंसारी, अजीमुद्दीन अंसारी, बसंत महतो और शहजाद अंसारी समेत पार्टी के कई कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए दिवंगत रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि दी।

श्राद्ध कर्म एवं श्रद्धांजलि सभा के दौरान पूरे माहौल में शोक और संवेदना का भाव देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी सहानुभूति प्रकट की।

धनबाद के टुंडी से नित्यानंद मंडल की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें