मिस इंडिया -2022 में झारखंड
फाइनलिस्ट रिया तिर्की ने सीएम हेमंत से की मुलाकात...सीएम ने कहा- आप झारखंड की पहली आदिवासी बेटी
पटना। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज फेमिना मिस इंडिया -2022 के ग्रैंड फिनाले में झारखंड का प्रतिनिधित्व करने वाली रिया तिर्की ने शिष्टाचार मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में यह मुकाम हासिल करने के लिए रिया तिर्की को बधाई दी और मोमेंटो एवं अंग वस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया । मुख्यमंत्री ने कहा कि आप झारखंड की पहली आदिवासी बेटी है, जिन्होंने अपनी प्रतिभा, लगन और मेहनत की बदौलत फेमिना मिस इंडिया -2022 के ग्रैंड फिनाले तक का सफर तय किया है । पूरी प्रतियोगिता में आप का बेहतरीन प्रदर्शन रहा। आपकी इस उपलब्धि पर पूरा झारखंड गौरवान्वित है । आगे आप और बुलंदियों को हासिल करें।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड के जनजातीय और क्षेत्रीय कलाकारों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। वे अपनी प्रतिभा का लगातार प्रदर्शन करते आ रहे हैं । उन्हें दर्शकों का भी भरपूर प्यार मिल रहा है। लेकिन, कुछ समस्याओं की वजह से उन्हें बड़े प्लेटफार्म पर अपने को स्थापित करने में दिक्कतें आ रही हैं। सरकार के संज्ञान में ये बातें हैं । अपने कलाकारों को हर तरह से सहयोग करने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है । उन्हें आर्थिक सहयोग प्रदान किया जा रहा है, ताकि वे अपने परफॉर्मेंस से राज्य का नाम रोशन कर सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में प्रतिभावान चित्रकारों की कोई कमी नहीं है । विशेषकर चित्रकारी के प्रति बच्चों में काफी रुझान देखने को मिल रहा है । उनकी खूबसूरत स्केचिंग बरबस ही मन मोह लेती है । उनके द्वारा बनाए गए पेंटिंग्स को संजोने के लिए सरकार आर्ट गैलरी बनाने पर विचार कर रही है ।इतना ही नहीं, इन कलाकारों को आगे बढ़ने में जो भी सहयोग की जरूरत होगी उन्हें उपलब्ध कराया जाएगा।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।