JHARKHAND POLITICS
चियांकी एयरपोर्ट से हवाई सेवा शुरू कराने की कवायद तेज, सांसद वीडी राम ने राज्य सरकार से मांगा सहयोग
एयरपोर्ट की कमियों को दूर कर उड़ान योजना के आगामी चरण में शामिल कराने की पहल, वित्त मंत्री ने डीसी-एसपी के साथ निरीक्षण का दिया आश्वासन
मेदिनीनगर: पलामू और गढ़वा के लोगों को हवाई सेवा की सौगात दिलाने के लिए पलामू सांसद विष्णु दयाल राम लगातार प्रयासरत हैं। इसी कड़ी में सांसद ने रांची में झारखंड सरकार के परिवहन एवं नागरिक विमानन विभाग के निदेशक (ऑपरेशंस) से मुलाकात कर मेदिनीनगर स्थित चियांकी एयरपोर्ट के विकास और यहां से नियमित हवाई सेवा शुरू कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की।
सांसद ने बताया कि आरसीएस-उड़ान योजना के चरण 4.2 के तहत चियांकी एयरपोर्ट को विकास एवं क्षेत्रीय उड़ानों के संचालन के लिए चिह्नित किया गया था। लेकिन राज्य सरकार की ओर से आवश्यक भूमि उपलब्ध नहीं कराए जाने के कारण अब तक इस दिशा में अपेक्षित प्रगति नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्रालय की ओर से उड़ान योजना के आगामी चरण में चैलेंज मोड फ्रेमवर्क की व्यवस्था की गई है। इसके तहत भूमि अधिग्रहण और एयरपोर्ट विस्तार पर होने वाला खर्च केंद्र सरकार वहन करेगी। ऐसे में चियांकी एयरपोर्ट के विकास और यहां से हवाई सेवा शुरू होने की संभावनाएं बढ़ गई हैं।
सांसद ने एयरपोर्ट के निरीक्षण में सामने आई कमियों को भी गंभीरता से उठाया। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट के मुख्य प्रवेश द्वार पर चियांकी एयरपोर्ट का सूचना बोर्ड नहीं है। इसके अलावा एप्रन और रनवे में पेवमेंट का कार्य भी शुरू नहीं हुआ है। एयरपोर्ट की पुरानी चहारदीवारी के दक्षिणी हिस्से में पांच से छह स्थानों पर दीवार तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दी गई है। वहीं, एयरपोर्ट परिसर का अनधिकृत उपयोग करते हुए भैंसें बांधने, गोबर जमा करने और सब्जियों की खेती किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। नवनिर्मित चहारदीवारी को भी अज्ञात लोगों द्वारा क्षतिग्रस्त किया गया था, हालांकि संवेदक ने उसकी मरम्मत करा दी है।
इन समस्याओं के समाधान और चियांकी एयरपोर्ट को उड़ान योजना के आगामी चरण में शामिल कराने के उद्देश्य से सांसद विष्णु दयाल राम ने राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर से आवश्यक पहल करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को क्षेत्रीय कनेक्टिविटी की जरूरतों के अनुरूप चियांकी एयरपोर्ट को विकास के लिए नामित करते हुए जरूरी भूमि और दस्तावेजों से संबंधित औपचारिकताएं पूरी करनी चाहिए। इस पर वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने आश्वासन दिया कि वे पलामू के उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक के साथ चियांकी एयरपोर्ट का निरीक्षण करेंगे और वहां पाई गई कमियों को दूर कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि पलामू और गढ़वा की जनता को बेहतर हवाई कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। चियांकी एयरपोर्ट से नियमित वाणिज्यिक उड़ानें शुरू होने से क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन, उद्योग, निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इसका लाभ पलामू, गढ़वा सहित आसपास के जिलों के लोगों को भी मिलेगा। उन्होंने राज्य सरकार से जनभावनाओं और क्षेत्र के विकास को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट के विकास एवं हवाई सेवा शुरू कराने की दिशा में शीघ्र सकारात्मक पहल करने की अपील की।
पलामू से नीतेश तिवारी की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।