चिराग पासवान की दो टूक : निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर दिया बड़ा बयान, जानिए क्या कह गए चिराग
हाजीपुर:केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर बयान दिया है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी सांसद को बिना किसी ठोस सबूत के गिरफ्तार नहीं किया जा सकता है. हाजीपुर परिसदन मे पत्रकारों के सवाल पर चिराग पासवान ने जवाब दिया है. उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी के समय जिस तरह से भय का माहौल बनाया गया उन्हें शोभा नहीं देता. उन्हें सहयोग करना चाहिए था. बताए कि31साल पुराने मामले में पप्पू यादव को पटना पुलिस ने6फरवरी की देर रात गिरफ्तार किया था. शनिवार को उन्हें पटना के एमपी-एमएलए कोर्ट में पेश किया गया,जहां से उन्हें दो दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
चिराग पासवान ने निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर दो टूक जवाब दिया है. कहा कि यह एक न्यायिक प्रक्रिया का हिस्सा है. यह पूरी तरह से एक कानूनी प्रक्रिया है. हर किसी को देश की न्याय प्रणाली पर भरोसा रखना चाहिए.उन्होंने तर्क दिया कि जांच एजेंसियों के पास यकीनन कुछ तथ्य या प्रमाण होंगे. जिनके आधार पर यह कार्रवाई की गई है. उन्होंने कहा कि बिना किसी आधार के किसी सांसद पर ऐसी कार्रवाई नहीं होती है.चिराग ने आश्वासन दिया कि एनडीए सरकार में अगर कोई निर्दोष है तो उसे कोई नुकसान नहीं होगा लेकिन,अगर कोई दोषी पाए जाते हैं तो उसे बख्शा नहीं जाएगा.
उन्होंने कांग्रेस और आरजेडी पर निशाना साधते हुए कहा कि बदले की राजनीति करना विपक्षी दलों का तरीका रहा है. जबकि,यह गिरफ्तारी केवल कानून का पालन है. यह गिरफ्तारी गर्दनीबाग थाने में दर्ज धोखाधड़ी (420),जालसाजी (468)और आपराधिक साजिश (120B)जैसे आरोपों से जुड़ी है. गिरफ्तारी के बाद पप्पू यादव की तबीयत खराब होने की खबर आई. जिसके बाद उन्हेंPMCH में भर्ती कराया गया. उनकी जमानत याचिका पर सोमवार9फरवरी को सुनवाई होने की उम्मीद है.