Live

JHARKHAND NEWS

मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन 11 जून को 16 विभागों की करेंगे समीक्षा

A
Arti singhलेखक

रांची. मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन 11 जून को 16 विभागों की समीक्षा करेंगे. यह समीक्षा प्रोजेक्ट भवन मंत्रालय के एनेक्सी भवन में होगी. दो पालियों में होनेवाली बैठक की अध्यक्षता खुद मुख्यमंत्री करेंगे. पहली पाली में विधि व्यवस्था, पुलिसिया जांच की अद्यतन स्थिति, पोक्सो अधिनियम, सर्टिफिकेट केस की स्थिति, अवैध खनन, वन और जमीन से संबंधित मामले, जो पुलिस गतिविधियों को प्रभावित करते हैं तथा जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षा की समीक्षा की जायेगी.

समीक्षा के क्रम में दूसरी पालू में ग्रामीण विकास विभाग की बिरसा सिंचाई कूप संवर्धन योजना, मनरेगा, जेएसएलपीएस, प्रधानमंत्री आवास योजना, बिरसा हरित ग्राम योजना और वीर शहीद पोटो हो खेल विकास योजना पर चर्चा की जायेगी. पंचायती राज विभाग में 15वें वित्त आयोग से मिले पैसे की खर्च की वास्तविकता, कल्याण विभाग में साइकिल वितरण योजना, वनाधिकार पट्टा का वितरण, प्री मैट्रिक औऱ पोस्ट मैट्रिक छात्रवृति की स्थिति, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, आवासीय विद्यालयों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की जायेगी. इसके अलावा महिला एवं बाल विकास विभाग में सभी तरह के पेंशनों के वितरण की स्थिति, आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण, मुख्यमंत्री पशुधन योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, किसानों को बीच एवं उर्वरकों की उपलब्धता, मुख्यमंत्री सुखाड़ राहत योजना की भी समीक्षा की जायेगी.

केंद्र प्रायोजित जल जीवन मिशन में झारखंड के खराब परफारमेंस पर भी मुख्यमंत्री जानकारी लेंगे. इसके अलावा स्वच्छ भारत योजना, 4351 ग्राम पंचायतों में चापाकल निर्माण योजना पर भी चर्चा की जायेगी. उच्च औऱ तकनीकी शिक्षा विभाग के तहत चल रहे गुरुजी क्रेडिट कार्ड की वर्तमान स्थिति, बिरसा योजना कौशल विकास केंद्र की स्थापना पर भी चर्चा होगी. जिला स्तर पर डिस्ट्रिक्ट माइंस फंड ट्रांसफर योजना के तहत ली जानेवाली योजनाओं पर भी मुख्यमंत्री चर्चा करेंगे. राज्य के अस्पतालों में आयुष्मान कार्ड के बनने, जिला अस्पतालों में प्रज्ञा केंद्रों की स्थापना पर भी चर्चा होगी. पंचायतों में दवा दुकानों की स्थापना पर भी मुख्यमंत्री जानकारी लेंगे.

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें