Chhath Puja 2026
गिरिडीह में श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ छठ महापर्व, घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
गिरिडीह : लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूजा गिरिडीह जिले के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हो गया. सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक के छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी.
जिले के अमितबरदीयार घाट,दीनदयाल घाट, झरिया गादी,बुढ़वा आहार घाट सहित विभिन्न घाटों पर सुबह से ही छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था. व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर छठी मैया की पूजा की और परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की.
शहर के कई छठ घाटों को पूजा समितियों की ओर से आकर्षक ढंग से सजाया गया था. रंग-बिरंगी लाइटों, रोशनी और सुंदर पंडालों से घाटों की खूबसूरती देखते ही बन रही थी. छठी मैया के पारंपरिक गीतों से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया था. इस दौरान परिवार के सदस्यों और श्रद्धालुओं ने भी पूरे उत्साह के साथ पूजा में भाग लिया. उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन हो गया.
गिरिडीह से नफीस अजहर की रिपोर्ट--
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।