चतरा पुलिस की सख्त कार्रवाई : गुप्त सूचना पर करीब 9 लाख के ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार
चतरा: जिले में खाखी की सख्ती का असर लगातार देखने को मिल रहा है. इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी के निर्देश पर नशा कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे स्पेशल ड्राइव के दौरान गिद्धौर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. करीब 9 लाख के नशे के प्रतिबंधित खेप के साथ एक तस्कर को पुलिस ने दबोच लिया है. डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी.
प्रतिबंधित ब्राउन सुगर के खरीद-बिक्री की थी योजना
गुप्त सूचना के आधार पर गिद्धौर थाना क्षेत्र के जपुआ मैदान में छापेमारी कर प्रतिबंधित मादक पदार्थ ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया गया है. डीएसपी मुख्यालय नेबताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि जपुआ मैदान के पास प्रतिबंधित ब्राउन सुगर की खरीद-बिक्री होने वाली है. सूचना के बाद अंचल अधिकारी गिद्धौर अनंत शयनम विश्वकर्मा एवं थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री के संयुक्त नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जपुआ निवासी दीपक कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया.
एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज
डीएसपी मुख्यालय ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर के पास से करीब 44 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर बरामद की गई है,जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये आंकी गई है. पुलिस ने तस्कर के पास से एक मोबाइल भी जब्त की है. जांच के दौरान मोबाइल से मिले व्हाट्सएप चैट और फोटो के प्रिंट आउट को भी साक्ष्य के रूप में संकलित किया गया है. डीएसपी ने बताया कि मामले में गिद्धौर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज करते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी
डीएसपी मुख्यालय ने कहा कि जिले में नशा तस्करी, अवैध मादक पदार्थों के कारोबार और युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है. उन्होंने नशा तस्करों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति नशे के कारोबार में संलिप्त पाया जाएगा,उसके खिलाफ कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी.