JHARKHAND CRIME
चतरा में ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत बड़ी कार्रवाई, एक करोड़ का गांजा जब्त; तस्कर कार छोड़कर फरार
चतरा:झारखंड के चतरा जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन चतरा’ अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चतरा-जोरी मुख्य मार्ग पर डाढा मोड़ के पास वाहन जांच के दौरान164किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक सफेद रंग की वरना कार को भी जब्त किया गया है। हालांकि,पुलिस को देखकर वाहन में सवार तस्कर कार छोड़कर फरार हो गए।
गुप्त सूचना पर चलाया गया वाहन जांच अभियान
पुलिस के अनुसार,एसपी अनिमेष नैथानी को जिले में भारी मात्रा में नशीले पदार्थों की खेप पहुंचने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद एसडीपीओ सदर सन्नी वर्धन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चतरा-जोरी मुख्य मार्ग स्थित डाढा मोड़ के पास एंटी क्राइम चेकिंग अभियान शुरू किया।
इसी दौरान चतरा शहर की ओर तेजी से आती एक सफेद वरना कार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय भागने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस टीम ने कार का पीछा किया।
नदी किनारे कार छोड़कर फरार हुए तस्कर
पुलिस के मुताबिक,खुद को घिरता देख कार सवार तस्कर सिकीद नदी के किनारे वाहन छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने कार की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन के अंदर से82पैकेटों में बंद कुल164किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही वरना कार को भी जब्त कर लिया है। जब्त वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबरUP14CF-5803बताया गया है।
अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह से जुड़े होने की आशंका
सदर थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह से जुड़ा प्रतीत होता है। पुलिस को आशंका है कि गांजे की खेप को बिहार भेजने की तैयारी थी।
उन्होंने बताया कि बरामद गांजे की कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है। मामले में सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
कार मालिक की पहचान,गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी
पुलिस के अनुसार,जब्त कार के मालिक की पहचान कर ली गई है। फरार तस्करों और वाहन मालिक की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। फिलहाल,जब्त गांजे के स्रोत,तस्करी के नेटवर्क और फरार आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।
चतरा से संजय कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।