छपरा : पूर्व मुख्यमंत्री ने महेंद्र मिश्र की आदमकद प्रतिमा पर किया माल्यार्पण,नीतीश कुमार जिंदाबाद के लगे नारे
छपरा: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार ने बुधवार को मांझी विधानसभा क्षेत्र के जलालपुर बाजार स्थित महेंद्र चौक पहुंचकर भोजपुरी लोकगीत एवं पूर्वी धुनों के अमर रचनाकार,स्वतंत्रता सेनानी पंडित महेंद्र मिश्र की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की. पूर्व मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला. इस मौके पर जेडीयू कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया. नीतीश कुमार जिंदाबाद के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा.
नीतीश कुमार कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद हुए रवाना
इस अवसर पर जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल और मांझी विधायक रणधीर सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया. कार्यक्रम के बाद नीतीश कुमार ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और इसके उपरांत पटना के लिए रवाना हो गए.
क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिएनीतीश कुमार का जताया आभार
वहीं, इस मौके पर विधायक रणधीर सिंह ने कहा कि मांझी क्षेत्र के लिए यह गर्व का विषय है कि बिहार के विकास पुरुष एवं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का विशेष आशीर्वाद इस क्षेत्र को प्राप्त है. उन्होंने कहा कि क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराने के लिए ही पूर्व मुख्यमंत्री का यह दौरा महत्वपूर्ण रहा है. जिससे कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ है. वहीं,पूर्व सांसद प्रभनाथ सिंह के समर्थकों ने कार्यक्रम के दौरान उनके समर्थन में जमकर नारेबाजी की. हालांकि, इस संबंध में पूर्व मुख्यमंत्री ने मीडिया को कोई प्रतिक्रिया नहीं दी.