मंदिर में महिलाओं से चेन स्नैचिंग
भीड़ में चोर गिरोह ने किया हाथ साफ, पुलिस ने तीन शातिर महिला चोरों को दबोचा
NAWADA : नवादा में मंदिर में दर्शन-पूजन करने आयी महिलाओं से चेन स्नेचिंग का मामला सामने आया है। कई महिला दर्शनार्थी चोर-उचक्कों का शिकार हो गयीं। भीड़ का फायदा उठाकर इस घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस ने सोने की चेन और मंगलसूत्र चुराने वाले गिरोह की तीन महिला चोरों को धर-दबोचा है।
नवादा के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के पंचमुखी मंदिर में दर्शन-पूजन करने के लिए आयीं कई महिला दर्शनार्थियों की सोने की चेन, मंगलसूत्र चोरी हो गई थी। पीड़ित महिलाओं ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की सहायता से घटना को अंजाम देने वाली महिला चोरों का फुटेज देखा और तीन शातिर महिला चोरों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस चोरी किए गये आभूषण को बरामद नहीं कर सकी है। वहीं, मंदिर में हुई इस घटना को लेकर भक्तों में रोष है। हालांकि, नवादा पुलिस और मंदिर कमेटी द्वारा बार-बार अनुरोध किया जाता है कि वह नगद लेकर और आभूषण पहनकर पूजा- अर्चना के लिए मंदिर परिसर नहीं आएं।
फिलहाल पुलिस महिला चोरों से पूछताछ के साथ ही विधिवत कार्रवाई में जुटी है। वहीं, गिरोह में शामिल अन्य की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।