CBSE में बड़ा प्रशासनिक एक्शन : चेयरमैन और सचिव हटाए गए, OSM टेंडर विवाद की होगी जांच
NEWS DESK : : इस वक्त की बड़ी खबर दिल्ली से आ रही है. केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) में ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) प्रणाली और उससे जुड़े टेंडर विवाद को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है. सरकार ने CBSE के चेयरमैन राहुल सिंह और सचिव हिमांशु गुप्ता को उनके पदों से हटा दिया है. यह कार्रवाई OSM प्रणाली की निविदा प्रक्रिया को लेकर उठे सवालों और शिकायतों के बाद की गई है.
सूत्रों के अनुसार,सरकार ने पूरे मामले की जांच के लिए एक सदस्यीय समिति का गठन किया है. इस समिति की अध्यक्षता पूर्व आईएएस अधिकारी और कैपेसिटी बिल्डिंग कमिशन की चेयरपर्सन एस. राधा चौहान करेंगी. उन्हें टेंडर प्रक्रिया,निर्णयों और उससे जुड़े सभी पहलुओं की विस्तृत जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
एस. राधा चौहान उत्तर प्रदेश कैडर की 1988 बैच की सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी हैं. वे केंद्र सरकार में कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT)की सचिव भी रह चुकी हैं. प्रशासनिक सुधार,सुशासन और मानव संसाधन प्रबंधन के क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव को देखते हुए सरकार ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है.
CBSEकी ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रणाली हाल के वर्षों में बोर्ड परीक्षाओं की कॉपियों के मूल्यांकन के लिए इस्तेमाल की जा रही है. हालांकि,इस प्रणाली से जुड़े टेंडर और उसके क्रियान्वयन को लेकर कई सवाल उठे थे. आरोपों के बाद शिक्षा मंत्रालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच का फैसला किया.
इस कार्रवाई को CBSE के प्रशासनिक ढांचे में बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है. जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी. माना जा रहा है कि सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए पूरे मामले की गहन समीक्षा कराना चाहती है. शिक्षा जगत की नजर अब जांच समिति की रिपोर्ट और उसके निष्कर्षों पर टिकी हुई है.
संजय कुमार की रिपोर्ट--