Caste Census
झारखंड में जल्द शुरू होगी जातीय जनगणना, पिछड़ा वर्ग आयोग ने सभी उपायुक्तों को लिखा पत्र
रांची. झारखंड राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की तरफ से राज्य में जल्द ही जातीय जनगणना करायी जायेगी. सरकार की अनुमति मिलने के बाद सभी शहरी निकायों में थ्री लेयर टेस्ट के लिए अन्य पिछड़ी जाति (ओबीसी) जनगणना का कार्य शुरू कराया जा सकता है. आयोग के अध्यक्ष योगेंद्र प्रसाद की तरफ से सभी जिलों के उपायुक्तों से कहा गया है कि वे मध्यप्रदेश की तर्ज पर ट्रिपल टेस्ट कराने के लिए तैयार रहें. इस संबंध में कार्मिक विभाग को भी ट्रिपल टेस्ट आधारित जनगणना कराने का प्रस्ताव भेजा जा चुका है. पूर्व में ही आयोग ने मध्यप्रदेश की तर्ज पर मतदाता सूची से ओबीसी की गिनती करने का प्रस्ताव दिया था. लेकिन, राज्य सरकार ने उसे अस्वीकृत करते हुए वास्तविक जनगणना करते हुए थ्री लेयर टेस्ट के लिए योजना बनाने का निर्देश दिया था.
झारखंड में स्थानीय निकायों का चुनाव ट्रिपल टेस्ट की वजह से लटका हुआ है. झारखंड हाईकोर्ट ने निकायों का चुनाव कराने के लिए ट्रिपल टेस्ट कराने का आदेश दिया था. झारखंडड के 13 नगर निगम में तीन वर्षों से अधिक समय से और शेष सभी निकायों में अप्रैल 2023 से नगर निकाय चुनाव लंबित है. नगर निगम और स्थानीय निकायों में सभी योजनाएं राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के माध्यम से कराया जा रहा है. जन प्रतिनिधियों के नहीं होने से विकास के कई कार्य और रोजमर्रा से जुड़े कार्य नहीं हो पा रहे हैं.
रांची से दीपक कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।