BREAKING NEWS
डाल्टनगंज स्टेशन पर हाई वोल्टेज ड्रामा, फुट ओवरब्रिज की छत पर चढ़ा युवक, GRP ने उतारा सुरक्षित
पलामू : झारखंड के डाल्टनगंज रेलवे स्टेशन पर गुरुवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक फुट ओवरब्रिज की छत पर चढ़ गया. घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और जीआरपी के जवान मौके पर पहुंचे. स्थिति इतनी नाजुक थी कि आशंका थी कहीं युवक छलांग न लगा दे. लेकिन जीआरपी ने 2 ऑटो चालकों के सहयोग से युवक को सुरक्षित नीचे उतारा.
बताया जा रहा है कि बिहार के औरंगाबाद में मजदूरी कर रहा युवक घर जाने के लिए छुट्टी नहीं मिलने के कारण परेशान होकर वहां से भाग गया और डाल्टनगंज रेलवे स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज की छत पर चढ़ गया. इसकी जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन और जीआरपी के जवान वहां पहुंचे. एहतियातन दमकल विभाग को भी बुलाया गया. करीब चार घंटे चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे का अंत सुबह 10:30 बजे हुआ. जीआरपी सब इंस्पेक्टर सुरेश पासवान ने दो टेंपो चालकों की मदद से छत पर चढ़कर साहस और संयम दिखाते हुए युवक को सुरक्षित नीचे उतारा. इस दौरान खतरा बना रहा कि युवक धक्का न दे दे, लेकिन हिम्मत और सूझबूझ से उसे काबू में कर लिया गया. नीचे उतरने के बाद युवक की पहचान मध्यप्रदेश के राजगढ़ निवासी मांगीलाल, पिता परवर सिंह के रूप में हुई.
पूछताछ में उसने बताया कि वह पुताई का काम करता है और हाल में बिहार के औरंगाबाद में मजदूरी कर रहा था. घर जाने की अनुमति नहीं मिलने से परेशान होकर वह वहां से भाग निकला और उसका सामान वहीं छूट गया. जीआरपी ने युवक के पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया,जो स्विच ऑफ मिला. युवक ने अपने घर का नंबर भी दिया है,जिस पर संपर्क साधने की कोशिश की जा रही है. यह पूरी कार्रवाई जीआरपी थाना प्रभारी सतीश कुमार पांडे के नेतृत्व में संपन्न हुई. प्रारंभिक औपचारिकताओं के बाद संभावना है कि जीआरपी और आरपीएफ की टीम युवक को सुरक्षित उसके घरतकपहुंचादेगी.
पलामू से नितेश तिवारी की रिपोर्ट--
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।