JHARKHAND CRIME
बोकारो में साधु के भेष में ठगी करने वाले दो सगे भाई गिरफ्तार, मंगलसूत्र और सोने के टॉप्स बरामद
आशीर्वाद और चमत्कार के नाम पर महिला को बनाया था शिकार,सोने के जेवर लेकर थमा दिए पीतल के लॉकेट;बालीडीह रेलवे स्टेशन के पास तंबू से पकड़े गए आरोपी
बोकारो: झारखंड के बोकारो में साधु का भेष धारण कर महिलाओं को ठगी का शिकार बनाने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी सगे भाई हैं। उन्होंने बीएस सिटी थाना क्षेत्र के कैंप टू निवासी बबीता देवी को आशीर्वाद देने और उनकी परेशानियां दूर करने का झांसा देकर सोने का मंगलसूत्र और कान के टॉप्स ठग लिए थे। पुलिस ने दोनों को बालीडीह रेलवे स्टेशन के पास बने तंबू से गिरफ्तार किया है। उनके पास से ठगी के सोने के आभूषण समेत बड़ी संख्या में पीतल के लॉकेट और अन्य सामान बरामद किए गए हैं।
खाना खाने के बहाने पहुंचे,फिर चमत्कार का दिया झांसा
डीएसपी सिटी राजीव रंजन ने बताया कि बीएस सिटी थाना क्षेत्र के कैंप टू निवासी बबीता देवी के घर दो व्यक्ति साधु के भेष में पहुंचे थे। दोनों ने महिला से खाना मांगा। महिला ने उन्हें खाना खिलाया। इसी दौरान बातचीत में महिला ने अपनी परेशानियों का जिक्र किया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने चमत्कार दिखाने और आशीर्वाद के नाम पर महिला को झांसे में लिया। उन्होंने घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण लाकर आशीर्वाद लेने को कहा और दावा किया कि ऐसा करने से उनकी सभी परेशानियां दूर हो जाएंगी।
सोने के जेवर लेकर थमा दिए पीतल के लॉकेट
आरोपियों की बातों में आकर महिला ने अपना सोने का मंगलसूत्र और कान के टॉप्स उन्हें दे दिए। इसके बाद आरोपियों ने मंगलसूत्र के बदले साड़ी में पीतल के 10 लॉकेट बांधकर महिला को सौंप दिए। साथ ही महिला को हिदायत दी कि वह शाम पांच बजे के बाद ही साड़ी को खोले। शाम को जब महिला ने साड़ी खोली तो उसमें सोने के आभूषण की जगह पीतल के लॉकेट मिले। इसके बाद महिला को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ और उसने बीएस सिटी थाना में शिकायत दर्ज कराई।
बालीडीह स्टेशन के पास तंबू से हुई गिरफ्तारी
मामले में पुलिस ने कांड संख्या 234/2026 दर्ज किया। इसके बाद नगर डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को बालीडीह रेलवे स्टेशन के पास बने तंबू से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर ठगी के आभूषण और अन्य सामान भी बरामद किए गए।
बिहार के गया जिले के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शम्भु लाठौर (करीब30 वर्ष) और गयालाल लाठौर (करीब25 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों बिहार के गया जिले के बेलागंज थाना क्षेत्र के बेलाडीह गांव के रहने वाले हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से ये सामान बरामद किया है:
एक सोने का मंगलसूत्र।
एक जोड़ी सोने के कान के टॉप्स।
दुर्गा मां के 20पीस पीतल के लॉकेट।
हनुमान जी के 20पीस पीतल के लॉकेट।
करीब 50रंग-बिरंगे पत्थर।
पीतल के 10ताबीज।
पीतल की 10अंगूठियां।
डीएसपी की लोगों से अपील,ठग साधुओं से रहें सावधान
डीएसपी सिटी राजीव रंजन ने लोगों से अपील की है कि साधु के भेष में घूम रहे ठगों से सावधान रहें। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग ठगी के जरिए न केवल आम लोगों को आर्थिक नुकसान पहुंचा रहे हैं, बल्कि साधु-संतों के सम्मान को भी ठेस पहुंचा रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति के चमत्कार, आशीर्वाद या परेशानी दूर करने के झांसे में आकर अपने कीमती आभूषण और सामान किसी को न सौंपें।
बोकारो से संजीव कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।