Live

Jharkhand News

बोकारो में जमादार केना राम हेम्ब्रम की हार्ट अटैक से मौत, पुलिस लाइन में दी गई अंतिम सलामी

D
Deepak Kumarलेखक

बोकारो: झारखंड के बोकारो जिले में हरला थाना में पदस्थापित जमादार केना राम हेम्ब्रम के निधन से पुलिस महकमे में शोक की लहर है। सोमवार को पुलिस लाइन में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर अंतिम सलामी दी गई। इसके बाद तिरंगे में लिपटे उनके पार्थिव शरीर को ताबूत में रखकर पैतृक गांव गोड़ा भेजने की तैयारी की गई।

देर रात अचानक बिगड़ी तबीयत

जानकारी के अनुसार,केना राम हेम्ब्रम देर रात तक अपने सहकर्मियों के साथ खाना-पीना कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और हृदय गति रुकने से उनकी मौत हो गई। उनके असामयिक निधन से सहकर्मियों और पुलिस विभाग के अधिकारियों में शोक का माहौल है।

दरोगा बनने से पहले ही दुनिया को कहा अलविदा

केना राम हेम्ब्रम हरला थाना में जमादार के पद पर तैनात थे। बताया जा रहा है कि वे जल्द ही दरोगा बनने वाले थे। दरोगा प्रशिक्षण पूरा करने के बाद वे14अक्टूबर को हजारीबाग के पदमा से लौटे थे। उनके निधन की खबर से परिवार और परिचितों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

एसपी ने परिजनों को बंधाया ढांढस

निधन की सूचना मिलने के बाद उनकी पत्नी और बेटा पुलिस लाइन पहुंचे और अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान बोकारो के पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया।

एसपी ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि इस दुख की घड़ी में पुलिस विभाग उनके साथ खड़ा है। उन्होंने श्राद्धकर्म के बाद परिजनों को दोबारा बुलाया है।

केना राम हेम्ब्रम के निधन से पुलिस विभाग ने एक साथी को खो दिया है। पुलिस लाइन में दी गई अंतिम सलामी के दौरान माहौल गमगीन रहा।

बोकारो से संजीव कुमार की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें