बोकारो के श्री राम मंदिर में रामनवमी की धूम : मंदिर में भक्तों की उमड़ी भीड़, आस्था और उत्साह का दिखा अनोखा संगम
बोकारो: जिले के प्रसिद्ध श्रीराम मंदिर में रामनवमी के अवसर पर शुक्रवार सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है. मंदिर परिसर पूरी तरह भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आ रहा है और पूरे इलाके में धार्मिक उत्साह साफ दिखाई दे रहा है.
सुबह होते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु बोकारो के श्रीराम मंदिर पहुंचने लगे. लोग पूजा-अर्चना कर भगवान श्रीराम का आशीर्वाद ले रहे हैं.“जय श्री राम”के जयघोष से पूरा इलाका गूंज उठा है. कई श्रद्धालु मंदिर में श्रद्धा के साथ झंडा भी लगा रहे हैं. परिवार के साथ पहुंचे लोग भगवान श्रीराम से राज्य और देश की खुशहाली,शांति और समृद्धि की कामना कर रहे हैं.
इस मौके पर श्रद्धालु लूसी ने कहा, “हम हर साल यहां आते हैं,भगवान श्रीराम से परिवार की सुख-समृद्धि की प्रार्थना करते हैं.”वहीं,श्रद्धालु सुनीता देवी ने बताया, “बहुत अच्छा माहौल है,जय श्री राम के नारों से मन को शांति मिल रही है.”श्रद्धालु अंकित कुमार ने भी रामनवमी पर मंदिर में उमड़े उत्साह और भक्ति भावना को विशेष बताया.
मंदिर के पुजारी छोटेलाल झा ने बताया कि रामनवमी के पावन अवसर पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है और पूरे विधि-विधान से पूजा-पाठ किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि भक्तों की सुविधा के लिए मंदिर प्रबंधन की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्था की गई है.
वहीं,प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं,ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो. कुल मिलाकर,बोकारो के श्रीराम मंदिर में रामनवमी के मौके पर आस्था और उत्साह का अनोखा संगम देखने को मिल रहा है.