बिहार विधानसभा : मानसून सत्र में गूंजा सासामुसा चीनी मिल का मुद्दा,विधायक मंजीत सिंह ने की फिर से चालू करने की मांग
गोपालगंज: वर्षों से बंद पड़ी सासामुसा चीनी मिल का मुद्दा बिहार विधानसभा के मानसून सत्र में जोरदार तरीके से गूंजा. बरौली के जेडीयू विधायक मंजीत सिंह ने सरकार से चीनी मिल को स्क्रैप में बेचने के बजाय दोबारा चालू कराने की मांग उठाई। उन्होंने किसानों और कर्मचारियों के बकाया भुगतान का भी मुद्दा सदन में रखा।
विधानसभा में विधायक मंजीत सिंह ने कहा कि सासामुसा चीनी मिल पर किसानों का करीब 43 करोड़ रुपये और कर्मचारियों का 9 करोड़ रुपये बकाया है। वहीं विभिन्न बैंकों का लगभग 68 करोड़ रुपये का मामला न्यायालय में लंबित है। उन्होंने कहा कि मिल की नीलामी कर उसे स्क्रैप में काटने की प्रक्रिया शुरू होने से किसानों और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है।
विधायक ने सरकार से मांग की कि चीनी मिल को स्क्रैप में बेचने के बजाय पुनः संचालित किया जाए। उन्होंने बताया कि एक निवेशक बैंकों का बकाया चुकाने के लिए तैयार है और इसी वर्ष पेराई सत्र से मिल चालू करने का प्रस्ताव भी दिया गया है। उनका कहना है कि सरकार की पहल से हजारों किसानों, मजदूरों और स्थानीय लोगों को रोजगार और आर्थिक राहत मिल सकती है।