Hindi News / दूसरे खिलाड़ी के नाम पर मैच खेलने का मामला,केस दर्ज

बिहार रग्बी टीम में फर्जीवाड़े का आरोप : दूसरे खिलाड़ी के नाम पर मैच खेलने का मामला,केस दर्ज

Edited By:  |
bihar ragbi team mein farziwadey ka aarop

पटना: बिहार राज्य खेल प्राधिकरण (BSSA) की खेल सम्मान योजना में कथित फर्जीवाड़े का गंभीर मामला सामने आया है। रग्बी फुटबाल संघ ऑफ बिहार के सचिव पंकज ज्योति की पत्नी वंदना कुमारी के खिलाफ कंकड़बाग थाने में धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। यह मामला वर्ष 2019 में आयोजित सीनियर वीमेंस नेशनल रग्बी सेवेन्स चैंपियनशिप से जुड़ा है।

प्रतियोगिता का आयोजन 19 से 21 जुलाई 2019 के बीच पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हुआ था। इस प्रतियोगिता में बिहार की महिला टीम ने स्वर्ण पदक हासिल किया था। आधिकारिक रिकॉर्ड में जर्सी नंबर 12 वंदना कुमारी के नाम दर्ज था।

जांच समिति ने रग्बी इंडिया से प्राप्त वीडियो फुटेज और तस्वीरों का विश्लेषण किया। जांच में कथित तौर पर सामने आया कि पूरे टूर्नामेंट के दौरान जर्सी नंबर 12 पहनकर किसी दूसरी खिलाड़ी ने मैदान में खेला था। फाइनल मुकाबले के बाद भी वीडियो फुटेज में इस संबंध में महत्वपूर्ण दृश्य मिलने की बात कही गई है।

जांच रिपोर्ट के अनुसार, फाइनल जीतने के बाद जर्सी नंबर 12 वाली खिलाड़ी टीम के साथ जीत का जश्न मनाती दिखाई दी। पुरस्कार वितरण से पहले वह ड्रेसिंग रूम की ओर चली गई। इसके बाद वंदना कुमारी सामान्य कपड़ों में टीम के बीच पहुंचीं और विजेता शील्ड लेने के लिए आगे आईं।

प्राधिकरण की जांच में इसे कथित फर्जीवाड़े का महत्वपूर्ण साक्ष्य माना गया। बीएसएसए के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के क्रीड़ा कार्यपालक आनंदी कुमार के बयान और जांच कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।

बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार कुमार की रिपोर्ट