बिहार पुलिस की 'चुटपुटिया' बंदूक
बार-बार दगा क्यों देती है बिहार पुलिस की बंदूक? और कितनी जगहंसाई करवाएगी बिहार पुलिस?
सीएम नीतीश समय-समय पर बिहार पुलिस को आधुनिक हथियारों से लैस करने का दावा करते नहीं थकते। बिहार पुलिस के जवान हैं कि सीएम के दावों की हवा निकालने का मौका हर बार ढूंढ ही लेते हैं। और सबसे बड़ा मौका होता है राजकीय सम्मान समारोह का, जब दिवंगत आत्मा को बंदूकों की सलामी देनी होती है। लेकिन इनकी बंदूक बार-बार धोखा देती है। ताजा मामला आरा का है, जहां पूर्व मंत्री हरिनारायण सिंह के राजकीय सम्मान में बिहार पुलिस की बंदूक फुस्स हो गई। लेकिन ऐसा नहीं है कि ये पहली बार हुआ है।
तारीख-21 अगस्त 2019
21 अगस्त 2019 को जब सुपौल में पूर्व सीएमडॉ. जगन्नाथ मिश्रा को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दिए जाने के वक्त21 गोलियां चलनी थी। लेकिन एक भी गोली नहीं चल सकी। जवान बार-बार ट्रिगर दबाते रहे, लेकिन गोली ऊपर के बजाए नीचे गिर रही थी। खुद सीएम नीतीश कुमार इस दौरान पूर्व सीएम को श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे और उनके सामने बिहार पुलिस की बंदूकों ने नाक कटवा दी थी। तब जगहंसाई होने पर जांच की दलीलें दी जाने लगीं।
तारीख-13 सितंबर 2019
एक महीने बाद ही बिहार पुलिस की बंदूकों ने फिर दगा दे दिया। मौका था पूर्व मंत्री तुलसीदास मेहता के राजकीय सम्मान का। इस दौरान तेजस्वी यादव भी मौजूद थे। सलामी देने की बारी आई तो कुछ जवानों की बंदूक का ट्रिगर तो दबा, लेकिन फायर नहीं हुआ।
तारीख-6 फरवरी 2020
हद तो तब हो गई..जब दुश्मनों से लड़ते-लड़ते शहीद हुआ बिहार के लाल के लिए बिहार पुलिस की बंदूकों ने फायर करने से इंकार कर दिया था। जम्मू कश्मीर में आतंकी से मुठभेड़ में शहीद हुए आरा के रहने वालेCRPFजवान रमेश रंजन की अंतिम विदाई में भी बिहार पुलिस की बंदूक से फायर नहीं हुआ। वहीं पर मौजूदCRPF जवानों की बंदूक एक के बाद एक फायर कर अपने साथी को सलामी देते रहे। लेकिन बिहार पुलिस की बंदूकों ने तो मानों हड़ताल कर रखी थी।
तारीख-4 अप्रैल 2021
बिहार पुलिस और उसकी बंदूक अगर सुधर जाए तो इससे बड़ा आश्चर्य नहीं हो सकता है। कोरोना के कारण अमीर ए शरीयत हजरत वली रहमानी का निधन हुआ था। सीएम नीतीश ने मौलाना रहमानी को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई देने की घोषणा की। तैयारी की गई। बंदूक ताने गए...लेकिन यहां भी बंदूक ने दगा दे दिया। राइफल तानी तो गई...लोड भी किया गया...लेकिन फायर नहीं हुआ। यहां भी भद्द पिटी...तो जांच के आदेश दिए गए।
तत्कालीन मुंगेर डीआईजी शफीउल हक ने जांच की और जांच रिपोर्ट में जो सच सामने आया वो हैरान करने वाला था। जांच रिपोर्ट के मुताबिक बिहार पुलिस के जवानों को गोली चलाना तो छोड़िए राइफल को कॉक तक नहीं करना आता है। ऐसे में सवाल है कि बिहार पुलिस की बंदूकों में खोट है, या बिहार पुलिस के जवानों की ट्रेनिंग में कमी। क्या ऐसे अपराधियों से निपटेंगे बिहार पुलिस के जवान।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।