Live

BIHAR POLITICS

डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा पहुंचे लखीसराय, भामा साह पार्क और सौंदर्यीकरण कार्यों का किया शिलान्यास

S
Simran Chaudharyलेखक

LAKHISARAI : उपमुख्यमंत्री एवं लखीसराय विधायक विजय कुमार सिन्हा दो दिवसीय दौरे पर अपने विधानसभा क्षेत्र पहुंचे। दौरे के पहले दिन उन्होंने शहर के नया बाजार स्थित बड़ी दुर्गा स्थान मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। पूजा के उपरांत उन्होंने मंदिर के समीप स्थित दानवीर भामा साह पार्क एवं पुराने कुएं के सौंदर्यीकरण कार्य का शिलान्यास किया। यह परियोजना उनकी विधायक निधि से संचालित की जा रही है। इस अवसर पर लखीसराय के जिलाधिकारी मिथलेश मिश्र, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और आम नागरिक उपस्थित रहे।

जनसभा को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि राष्ट्रभक्त भामा साह का जीवन आदर्शों और देशभक्ति की मिसाल है, ऐसे महापुरुषों से हमें प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा जब हमें जनसेवा का अवसर मिला है, तो हमारा संकल्प है कि हर क्षेत्र में समग्र विकास सुनिश्चित करें। भामा साह जैसे राष्ट्रनायकों के सिद्धांतों को आत्मसात करते हुए हम लगातार कार्य कर रहे हैं।

विपक्ष पर साधा निशाना, तेजस्वी को बताया "जंगलराज का छात्र"

मीडिया से बातचीत में डिप्टी सीएम ने विपक्ष पर भी तीखा हमला बोला, उन्होंने कहा कि जब तेजस्वी यादव को जनसेवा का मौका मिला तो वे जनहित में कोई उल्लेखनीय कार्य नहीं कर पाए। अब जब एनडीए सरकार योजनाओं को धरातल पर उतार रही है तो विपक्ष की बेचैनी साफ नजर आ रही है। तेजस्वी यादव की कार्यशैली की आलोचना करते हुए डिप्टी सीएम ने उन्हें जंगलराज और अराजकता वाले विद्यालय का छात्र बताया, उन्होंने कहा कि विपक्ष की भाषा और व्यवहार में अब मर्यादा नहीं बची है जो लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें