BIHAR NEWS
जमीन कब्जे की शिकायतों पर पुलिस मुख्यालय सख्त,नौबतपुर थानेदार निलंबित,कई जिलों में जांच तेज,भू-माफियाओं पर कार्रवाई
पटना: बिहार में जमीन कब्जे और जमीन विवाद से जुड़ी बढ़ती शिकायतों को लेकर पुलिस मुख्यालय ने सख्त रुख अपनाया है। पटना के नौबतपुर में करीब 500 कट्ठा मठ की जमीन से जुड़े विवाद ने तूल पकड़ लिया है। मामले में नौबतपुर थानेदार को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, इस प्रकरण में प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में बताई जा रही है।
इधर, मुजफ्फरपुर के कांटी और मुशहरी इलाके में जमीन कब्जे से जुड़ी शिकायतों की जांच शुरू कर दी गई है। अहियापुर इलाके में करीब 50 लोगों की जमीन पर कब्जे की कोशिश से संबंधित शिकायत भी सामने आई है। इसके अलावा जमीन विवाद के एक मामले में बेलसंड विधायक अमित कुमार रानू समेत कई लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने की बात कही गई है।
पुलिस मुख्यालय ने जमीन विवादों में राजस्व कर्मचारियों की भूमिका की भी विस्तृत जांच कराने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों से जमीन से जुड़े मामलों में राजस्व रिकॉर्ड, दस्तावेज और संबंधित शिकायतों की जांच करने को कहा गया है।
भूमि माफियाओं पर कार्रवाई के लिए आर्थिक अपराध इकाई की भूमिका बढ़ाने की भी तैयारी है। पुलिस मुख्यालय ने पटना के जिलाधिकारी और राजस्व विभाग को भी जांच के लिए पत्र भेजा है।
अब जमीन कब्जे से जुड़ी शिकायतों की मुख्यालय स्तर पर भी निगरानी और जांच की जाएगी। अधिकारियों को मामलों में निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस मुख्यालय की सख्ती के बाद जमीन विवाद से जुड़े मामलों में कार्रवाई तेज होने की उम्मीद है।
बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।