Live

BIHAR NEWS

गया में 22,200 एकड़ में बनेगी मगध ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप,जमीन खरीद-बिक्री पर लगी रोक हटी

A
archana singhलेखक

गया जी:प्रस्तावित मगध ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। नगर विकास एवं आवास विभाग ने टाउनशिप की विकास योजना-2047 के प्रारूप को सार्वजनिक कर दिया है. अब आम लोग और हितधारक इस योजना पर 60 दिनों तक अपनी आपत्ति और सुझाव दे सकेंगे.

विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक,सुझाव अपर सचिव,नगर विकास एवं आवास विभाग और आयुक्त मगध प्रमंडल सह अध्यक्ष, जिला आयोजना क्षेत्र प्राधिकार गया को डाक, कुरियर या ई-मेल के माध्यम से भेजे जा सकेंगे.

इसके साथ ही टाउनशिप के विशेष क्षेत्र में जमीन की खरीद-बिक्री और हस्तांतरण पर लगी रोक भी हटा दी गई है. यह रोक 29 जुलाई से लागू थी। बिहार शहरी आयोजना तथा विकास बोर्ड की 8 सितंबर को हुई बैठक में विकास योजना के प्रारूप को सार्वजनिक करने की अनुशंसा की गई थी.

प्रस्तावित टाउनशिप का विशेष क्षेत्र करीब 22,200 एकड़ में फैलेगा.इसमें गया जी, बोधगया और परैया प्रखंड के 54 राजस्व गांव शामिल होंगे। गया जी और बोधगया योजना क्षेत्र के कुछ शहरी हिस्से भी इसके दायरे में आएंगे.

टाउनशिप का कोर क्षेत्र करीब 1,629 एकड़ का होगा, जिसमें 13 राजस्व गांव शामिल हैं. योजना के तहत आवासीय क्षेत्र के साथ केंद्रीय व्यावसायिक क्षेत्र, बाजार, अस्पताल, शिक्षण संस्थान, मनोरंजन स्थल और सेवा क्षेत्र विकसित करने का प्रस्ताव है.

विशेष क्षेत्र में फिलहाल करीब 1.70 लाख आबादी, 27,533 भवन और 54,604 भूखंड हैं। योजना में मौजूदा गांवों और बस्तियों को हटाने के बजाय नई शहरी व्यवस्था में शामिल करने पर जोर दिया गया है. एनएच-22, एनएच-119डी और गया अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की नजदीकी से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को भी फायदा मिलने की उम्मीद है.

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें