BIHAR NEWS
बाढ़ प्रभावित इलाकों में पेयजल और स्वच्छता व्यवस्था मजबूत,525 चापाकल,133 टैंकर से राहत शिविरों तक पानी
पटना:बिहार में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित पेयजल और जरूरी स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग लगातार सक्रिय है. विभाग की ओर से प्रभावित जिलों के राहत शिविरों और बाढ़ प्रभावित इलाकों में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं.
विभाग के अनुसार,बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 525 चापाकल और 133 टैंकर लगाए गए हैं. इनके माध्यम से प्रभावित परिवारों और राहत शिविरों में नियमित रूप से पेयजल की आपूर्ति की जा रही है. इसके अलावा अतिरिक्त व्यवस्था के तहत 3 वाटर एटीएम लगाए गए हैं, जबकि राहत शिविरों में 4 जलापूर्ति योजनाओं के जरिए भी लोगों तक पानी पहुंचाया जा रहा है.
बाढ़ के दौरान स्वच्छता व्यवस्था को लेकर भी विभाग ने विशेष तैयारी की है. प्रभावित लोगों की जरूरत को देखते हुए विभिन्न राहत शिविरों और प्रभावित क्षेत्रों में 1,662 शौचालय और 153 स्नानागार की व्यवस्था की गई है.
लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के मुताबिक, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में कुल 147 राहत शिविरों में पेयजल, स्वच्छता और अन्य जरूरी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. विभागीय स्तर पर प्रभावित इलाकों की स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है.
विभाग का कहना है कि बाढ़ की चुनौती के बीच प्रभावित परिवारों को सुरक्षित पेयजल और स्वच्छता सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। पेयजल की कमी या स्वच्छता से जुड़ी किसी भी समस्या को दूर करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं लगातार सुनिश्चित की जा रही हैं।
बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।