Hindi News / STET और रिक्तियों को लेकर शिक्षा मंत्री का बड़ा बयान,TRE-4 में सीट बढ़ने...

BIHAR NEWS : STET और रिक्तियों को लेकर शिक्षा मंत्री का बड़ा बयान,TRE-4 में सीट बढ़ने के संकेत

Edited By:  |
bihar news

गोपालगंज:एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने TRE-4 परीक्षा और शिक्षक भर्ती की रिक्तियों को लेकर बड़ा अपडेट दिया है.शिक्षा मंत्री ने कहा कि 32 हजार 388 सीटों के लिए सरकार की ओर से पहले ही अधियाचना भेजी जा चुकी है. कुछ और सीटें बढ़ने की संभावना है. मंत्री ने बताया कि छोटे-छोटे विषयों पर जहां विज्ञापन जारी होना था,लेकिन किसी कारणवश सीटें विज्ञापन में शामिल नहीं हो सकी. उन सभी मामलों की जानकारी शिक्षा विभाग ने मंगा ली है.

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि अलग-अलग विषयों में छूटी हुई सीटों को लेकर विभाग ने जानकारी जुटाई है. कई छोटे विषय ऐसे हैं,जिनमें रिक्तियां थीं,लेकिन किसी कारण से उनका विज्ञापन नहीं निकल पाया था.अब उन सभी रिक्तियों को एक साथ लेकर अंतिम निर्णय की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

मंत्री ने बताया कि इन अतिरिक्त रिक्तियों को लेकर कल अंतिम निर्णय लिया जाएगा.इसके बाद संशोधित अधियाचना तैयार कर बिहार लोक सेवा आयोग यानी बीपीएससी को दोबारा भेजी जाएगी. इससे TRE-4 शिक्षक भर्ती परीक्षा में सीटों की संख्या पहले से और बढ़ने की उम्मीद है.

वहीं,TRE-4 परीक्षा में शामिल होने की पात्रता को लेकर भी शिक्षा मंत्री ने स्थिति स्पष्ट की. उन्होंने कहा कि TRE-4 परीक्षा में वही अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं,जिन्होंने निर्धारित पात्रता परीक्षा यानी STET उत्तीर्ण की हो. यह नियम पहले से ही लागू है और इसी के आधार पर अभ्यर्थियों की पात्रता तय की जाएगी.

शिक्षा मंत्री ने कहा कि STET परीक्षा को लेकर छात्र और अभ्यर्थी लगातार मांग कर रहे थे कि परीक्षा जल्द से जल्द आयोजित कराई जाए, ताकि वे TRE-4 परीक्षा में शामिल होने के लिए पात्र हो सके. अभ्यर्थियों की मांग को सरकार ने गंभीरता से लिया है और इसी के तहत STET के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू की जा रही है.

शिक्षा मंत्री के मुताबिक,सरकार की कोशिश है कि STET की परीक्षा और रिजल्ट की प्रक्रिया समय पर पूरी हो,ताकि योग्य अभ्यर्थियों को TRE-4 में शामिल होने का अवसर मिल सके.उन्होंने कहा कि छात्रों और नौजवानों के हित को ध्यान में रखते हुए विभाग लगातार काम कर रहा है.

कुल मिलाकर TRE-4 शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह बड़ा अपडेट है. 32 हजार 388 सीटों की अधियाचना पहले ही भेजी जा चुकी है, जबकि छोटे विषयों में छूटी हुई रिक्तियों को जोड़ने के बाद सीटों की संख्या और बढ़ सकती है. अब सभी की नजर कल होने वाले अंतिम निर्णय और उसके बाद बीपीएससी को भेजी जाने वाली संशोधित अधियाचना पर है.