Hindi News / सरकारी स्कूलों में चीनी और वसा के सेवन को लेकर चलेगा जागरूकता अभियान

BIHAR NEWS : सरकारी स्कूलों में चीनी और वसा के सेवन को लेकर चलेगा जागरूकता अभियान

Edited By:  |
bihar news

पटना: बिहार के सभी सरकारी विद्यालयों में बच्चों और किशोर-किशोरियों को चीनी एवं वसा के सेवन के प्रति जागरूक किया जाएगा. इस संबंध में शिक्षा विभाग के मध्याह्न भोजन योजना निदेशालय ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों और जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किया है. निदेशालय की ओर से जारी पत्र में स्कूलों में संशोधित शुगर एवं फैट फ्लेक्स बोर्ड लगाने और उसके माध्यम से बच्चों को जागरूक करने को कहा गया है.


निदेशालय के पत्र के अनुसार, राज्य के सभी सरकारी विद्यालयों में बच्चों एवं किशोर-किशोरियों के बेहतर पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से पहले शुगर एवं फैट बोर्ड में अंकित जानकारी तथा फैट/शुगर सेवन की प्रवृत्तियों को ध्यान में रखते हुए बोर्ड लगाने का निर्देश दिया गया था. अब शुगर एवं फैट फ्लेक्स बोर्ड के तकनीकी बिंदुओं में बदलाव किया गया है.

इसी के तहत संशोधित शुगर/फैट बोर्ड की पीडीएफ प्रति संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराई जा रही है. निदेशालय ने जिला स्तर के अधिकारियों से कहा है कि वे अपने स्तर से सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों और प्रखंड साधन सेवियों को निर्देशित करें.

इन अधिकारियों के माध्यम से सभी सरकारी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को निदेशालय के पूर्व पत्र की प्रति के साथ संशोधित शुगर/फैट बोर्ड की पीडीएफ प्रति उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है,ताकि विद्यालयों में बच्चों को चीनी एवं वसा के संबंध में चेतना सत्र के दौरान जागरूक किया जा सके.

पत्र में स्पष्ट किया गया है कि इस पहल का उद्देश्य बच्चों में बेहतर पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा खान-पान से जुड़ी आदतों में आवश्यक बदलाव के लिए उन्हें प्रेरित करना है.मध्याह्न भोजन योजना निदेशालय की ओर से जारी पत्र सभी संबंधित जिला एवं प्रखंड स्तर के अधिकारियों के लिए कार्रवाई का आधार होगा.

बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट