Hindi News / तेजस्वी यादव का केंद्र सरकार पर हमला,कहा-गरीब,किसान और मध्यम वर्ग झेल रहा महंगाई...

BIHAR NEWS : तेजस्वी यादव का केंद्र सरकार पर हमला,कहा-गरीब,किसान और मध्यम वर्ग झेल रहा महंगाई की मार

Edited By:  |
bihar news

पटना: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने महंगाई के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि डबल इंजन सरकार की नीतियों के कारण गरीब, किसान और मध्यम वर्ग लगातार महंगाई की मार झेल रहा है।

तेजस्वी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में रसोई गैस की कीमतों का जिक्र करते हुए भाजपा के पुराने आंदोलनों पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में गैस सिलेंडर की कीमत करीब 384 रुपये होने पर भाजपा नेता महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन करते थे, लेकिन आज सिलेंडर की कीमत करीब 1100 रुपये तक पहुंचने के बावजूद सरकार चुप है।

राजद नेता ने उज्ज्वला योजना को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि योजना का बड़े स्तर पर प्रचार किया गया, लेकिन अब सरकार को गांव-गांव जाकर इसकी वास्तविक स्थिति की समीक्षा करनी चाहिए। तेजस्वी ने दावा किया कि महंगे सिलेंडर के कारण गरीब परिवारों के घरों में गैस सिलेंडर खाली पड़े हैं।

उन्होंने कहा कि महंगाई का असर केवल रसोई गैस तक सीमित नहीं है। खाद्य तेल, दाल, चीनी, आलू, प्याज और टमाटर समेत रोजमर्रा की जरूरी वस्तुओं की कीमतों ने आम लोगों का बजट बिगाड़ दिया है। पेट्रोल-डीजल, खाद-बीज और बिजली की बढ़ती लागत का भी उन्होंने उल्लेख किया।

तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार की नीतियों को गरीब और मध्यम वर्ग के लिए नुकसानदायक बताते हुए कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और गरीबी के खिलाफ राजद का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को लेकर पार्टी सड़क से सदन तक सरकार को घेरती रहेगी।

बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट