BIHAR NEWS
नई दिल्ली में दो दिवसीय राष्ट्रीय विभागीय शिखर सम्मेलन संपन्न, प्रधानमंत्री की उपस्थिति में शामिल हुईं समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय,भारत सरकार की ओर से नई दिल्ली में 8 और 9 अक्टूबर को महिलाओं और बच्चों से जुड़े विषयों पर दो दिवसीय विभागीय शिखर सम्मेलन आयोजित किया गया,जो आज संपन्न हो गया.बिहार सरकार की ओर से समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता और विभाग के सचिव विनोद सिंह गुंजियाल ने इसमें भाग लिया.
विभिन्न राज्यों के साथ लंबे समय तक चले परामर्श के बाद हुई इस बैठक का मुख्य उद्देश्य महिला एवं बाल विकास से जुड़े विधायी ढांचे की व्यापक समीक्षा करना था.दोनों दिन की चर्चा मुख्य रूप से इन चार विषयों पर केंद्रित रही:
1. आंगनबाड़ी केंद्रों का सुदृढ़ीकरण: बुनियादी ढांचे में सुधार,पोषण योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन,बेहतर पोषण और प्रारंभिक शिक्षा के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों की पुनर्कल्पना तथा तकनीक का अधिकतम उपयोग.
2. महिला सुरक्षा: कार्यस्थल और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा त्वरित सहायता प्रणाली की समीक्षा.
3. बाल संरक्षण : बच्चों के अधिकारों की रक्षा,देखरेख और पुनर्वास से जुड़े कानूनों का प्रभावी प्रवर्तन तथा बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए कारगर सुरक्षा प्रणाली का विकास.
4. महिला सशक्तिकरण: महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए बनी नीतियों और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन.
बैठक में डॉ. श्वेता गुप्ता ने राज्य में महिलाओं और बच्चों के समग्र विकास के लिए चल रहे नवाचारों और योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की.उन्होंने केंद्रीय विधायी ढांचे को और मजबूत बनाने के संबंध में बिहार का पक्ष भी प्रमुखता से रखा.मंत्री ने कहा कि यह शिखर सम्मेलन केंद्र और राज्य सरकारों के बीच समन्वय को और मजबूत करेगा.साथ ही,महिला सशक्तिकरण और बच्चों के समग्र विकास से जुड़ी योजनाओं एवं विकास संबंधी पहलों के क्रियान्वयन को भी इससे गति मिलेगी.
9 अक्टूबर को आयोजित समापन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हुए.इस दौरान उन्होंने उपस्थित मंत्रियों और विभागाध्यक्षों को अपने अपार अनुभवों के आधार पर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए,ताकि महिला सशक्तिकरण,बाल संरक्षण और आंगनबाड़ी से जुड़ी योजनाएं एक मजबूत समाज के निर्माण में प्रभावी भूमिका निभा सकें.
अंकिता की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।