BIHAR NEWS
BSSC इंटर स्तरीय भर्ती में 10,976 पद,संशोधित विज्ञापन आयोग की वेबसाइट पर जारी
बिहार कर्मचारी चयन आयोग यानी BSSC ने द्वितीय इंटर स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के विज्ञापन संख्या 02/23(A) को संशोधित कर दिया है। आयोग की ओर से जारी आवश्यक सूचना के मुताबिक अब इस भर्ती प्रक्रिया में कुल 10,976 रिक्तियां शामिल की गई हैं। ये रिक्तियां बिहार सरकार के विभिन्न विभागों और कार्यालयों से प्राप्त अधियाचनाओं के आधार पर जोड़ी गई हैं।
आयोग के अनुसार विज्ञापन जारी होने के बाद 65 विभिन्न विभागों और कार्यालयों से इंटर स्तरीय पदों के लिए 10,976 रिक्तियों की अधियाचनाएं प्राप्त हुई थीं। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से भेजी गई सूचनाओं को शामिल करते हुए संशोधित विज्ञापन आयोग की वेबसाइट पर प्रकाशित किया गया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि आगे की परीक्षा संबंधी कार्रवाई इसी संशोधित विज्ञापन के आधार पर होगी।
नए अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 15 अक्टूबर 2025 से शुरू होकर 27 नवंबर 2025 तक चलेगी। आवेदन शुल्क का ऑनलाइन भुगतान 25 नवंबर 2025 तक किया जा सकेगा। शुल्क का भुगतान क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, यूपीआई और नेट बैंकिंग आदि माध्यमों से किया जा सकेगा।
आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन भरने से पहले शैक्षणिक योग्यता, अंक प्रमाण-पत्र, तकनीकी योग्यता, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, EWS, जाति, क्रीमीलेयर, निवास और अन्य आवश्यक प्रमाण-पत्र तैयार रखें।
वहीं, जिन अभ्यर्थियों ने पहले ही विज्ञापन संख्या 02/23 के तहत ऑनलाइन आवेदन जमा कर दिया है, उन्हें दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है। पुराने आवेदन करने वाले अभ्यर्थी भी संशोधित विज्ञापन में शामिल सभी पदों के लिए प्रतियोगी माने जाएंगे। आयोग ने अभ्यर्थियों से वेबसाइट पर लगातार अपडेट देखते रहने की अपील की है।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।