बिहार में जीउतिया की छुट्टी पर विवाद
महिला शिक्षिकाओं ने 5 अक्टूबर की जगह 3 को अवकाश देने की मांग उठाई
बिहार:जीउतिया यानी जीवित्पुत्रिका व्रत की छुट्टी की तारीख को लेकर विवाद सामने आया है। शिक्षा विभाग के कैलेंडर में जीउतिया की छुट्टी 5 अक्टूबर को निर्धारित की गई है,जबकि इस वर्ष यह पर्व 3 अक्टूबर को मनाया जाएगा। तारीखों में अंतर को लेकर महिला शिक्षिकाओं ने शिक्षा विभाग से छुट्टी की तारीख में बदलाव की मांग की है।
महिला शिक्षिकाओं का कहना है कि जीउतिया उनके लिए महत्वपूर्ण पर्व है और इस दिन व्रत रखा जाता है। ऐसे में 3 अक्टूबर को स्कूल में ड्यूटी होने पर व्रत और विद्यालय की जिम्मेदारी दोनों निभाना मुश्किल हो सकता है। शिक्षिकाओं ने कहा कि पर्व के वास्तविक दिन ही अवकाश मिलने से उन्हें सुविधा होगी।
शिक्षिकाओं ने सवाल उठाया है कि जब जीउतिया पर्व 3 अक्टूबर को मनाया जाएगा, तो 5 अक्टूबर को छुट्टी देने का क्या औचित्य है। उनका कहना है कि पर्व समाप्त होने के बाद मिलने वाला अवकाश व्रत रखने वाली शिक्षिकाओं की समस्या का समाधान नहीं करेगा।
महिला शिक्षिकाओं ने शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी से इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है। उनकी मांग है कि शिक्षा विभाग अपने कैलेंडर में संशोधन करते हुए 5 अक्टूबर के स्थान पर 3 अक्टूबर को जीउतिया की छुट्टी घोषित करे।
फिलहाल शिक्षा विभाग की ओर से छुट्टी की तारीख बदलने को लेकर कोई अंतिम निर्णय सामने नहीं आया है। अब शिक्षिकाओं की मांग और विभाग के संभावित फैसले पर नजर है। समय रहते फैसला होने पर विद्यालयों में छुट्टी को लेकर भ्रम की स्थिति से भी बचा जा सकेगा।
बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।