Hindi News / कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने किसानों की समृद्धि पर दिया जोर

बिहार कृषि विश्वविद्यालय का स्थापना दिवस : कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने किसानों की समृद्धि पर दिया जोर

Edited By:  |
bihar krishi viswavidyalay ke sthapna diwas

भागलपुर: बिहार कृषि विश्वविद्यालय,सबौर के 17वें स्थापना दिवस समारोह का आयोजन बुधवार को किया गया। इस अवसर पर बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए। समारोह में बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान कृषि शिक्षा,अनुसंधान,नवाचार और आधुनिक तकनीकों के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया।

कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और बिहार की कृषि को अधिक समृद्ध एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए आधुनिक कृषि तकनीकों को गांव-गांव तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि कृषि विश्वविद्यालयों की जिम्मेदारी केवल शिक्षा और शोध तक सीमित नहीं है,बल्कि किसानों को नई तकनीक, बेहतर बीज,उन्नत खेती और वैज्ञानिक सलाह उपलब्ध कराना भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर की 17 वर्षों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान ने कृषि अनुसंधान, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और किसानोन्मुखी तकनीकों के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया है। विश्वविद्यालय ने खेती को अधिक लाभकारी और टिकाऊ बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहल की हैं, जिनका लाभ किसानों को मिल रहा है।

विजय कुमार सिन्हा ने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में विश्वविद्यालय कृषि क्षेत्र में नवाचार, अनुसंधान और किसान कल्याण के नए आयाम स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कृषि क्षेत्र के विकास, किसानों की आय में वृद्धि और नई तकनीकों के विस्तार के लिए लगातार प्रयासरत है।

अपने संबोधन के अंत में उन्होंने कहा कि समृद्ध किसान ही समृद्ध बिहार और विकसित भारत की सबसे मजबूत आधारशिला हैं, इसलिए किसानों के हित और कृषि विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं।