बिहार के 'कश्मीर' के बारे में जानिए
जहां से हिमालय का कर सकते हैं दीदार, वहां कैबिनेट बैठक के लिए पहुंची सरकार
कश्मीर को धरती का स्वर्ग कहा जाता है। लेकिन धरती के स्वर्ग जैसी खूबसूरती बिहार में भी देखने को मिल सकता है। जी हां ये खूबसूरत तस्वीरें बिहार के बगहा स्थित वाल्मीकिनगर टाइगर रिजर्व की है। नेपाल-यूपी की सीमा पर स्थित टाइगर रिजर्व प्राकृतिक सौंदर्य के लिए जाना जाता है। सर्दियों के मौसम में यहां से हिमालय पर्वत श्रृंखला का दीदार कश्मीर की हसीन वादियों की याद ताजा करा देती है। साथ ही ये जगह अपने साथ समेटे है कई ऐतिहासिक स्थल जैसे रामायण का लेखन क्षेत्र, ऋषि वाल्मीकि का आश्रम, माता सीता की आश्रय स्थली, लव-कुश का जन्म स्थान।
रिजर्व की आरक्षित सीमा में करीब ढाई सौ गांव और इसके मध्य 26 गांव बसे हैं। दिन के उजाले में गंडक नदी के शांत पानी में पहाड़ का प्रतिबिंब बहुत ही मनोहारी और आकर्षक लगता है। गंडक नदी में विदेशी मेहमान परिंदों की क्रीडा देखते ही बनती है और इस स्थल को मनोहारी बनाती है. व्याघ्र परियोजना के जंगल में बाघ, तेंदुआ, बंदर, लंगूर, हिरण, सांभर, पहाड़ी तोता समेत सैकड़ों दुर्लभ प्रजाति के जीव यहां देखे जा सकते हैं। वाल्मीकिनगर में सैलानियों के वो सब कुछ है, जिसे आप किसी पर्यटन स्थल में देखना चाहते हैं।
अब तक वाल्मीकिनगर पहुंचने वाले सैलानी जंगल सफारी का लुत्फ उठाते थे। लेकिन अब सैलानियों के लिए बोट सफारी की भी व्यवस्था होगी। वाल्मीकिनगर में वर्षों से उपेक्षित त्रिवेणी नहर को नया जीवन देने की कवायद की गई है और अब पर्यटन से जोड़ते हुए यहां बोटिंग भी होगी। कैबिनेट मीटिंग के लिए बगहा पहुंचे सीएम नीतीश कुमार ने सैलानियों को बोट सफारी की भी सौगात दी। वाल्मीकिनगर के त्रिवेणी कैनाल में बोट सफारी का शुभारंभ किया। वर्ष 1910 में त्रिवेणी नहर का निर्माण कराया गया था। उस समय नील की खेती में इसके पानी का इस्तेमाल होता था। लगभग तीन किलोमीटर में फैली है त्रिवेणी नहर। 40 साल पहले गंडक बराज के निर्माण के साथ ही इसे बंद कर दिया गया था। गंडक बराज से निकली मुख्य तिरहुत नहर के निर्माण के साथ ही हुई थी बंद। नए सिरे से साफ-सफाई कराकर टूरिस्ट स्पाट का रूप दिया गया है। मृत त्रिवेणी कैनाल से लगभग सौ टन कचरा निकालकर साफ कराया गया है। वाल्मीकिनगर आने वाले सैलानी नौका विहार का लुत्फ उठा सकेंगे। पर्यटन के साथ स्थानीय युवकों को रोजगार भी मिलेगा।
इसके अलावा यहां गंडक नदी में नौकायन कर सकते हैं। हरी भरी खूबसूरती आपके ज़ेहन में हमेशा के लिए ताजा रह सकती हैं। वहीं यहां ईको पार्क भी सैलानियों के लिए बनाया गया है। वहीं मेडिटेशन सेंटर, जंगल कैंप, जंगल सफारी जैसी व्यवस्था भी यहां सैलानियों को लुभाती हैं।
अब जान लीजिए वाल्मीकिनगर टाइगर रिजर्व के बारे में। वाल्मीकि टाइगर रिजर्व बिहार का इकलौता ज़ूलॉजिकल पार्क है। 880 वर्ग किलोमीटर जंगल में फैला है वाल्मीकि टाइगर रिजर्व। 530 वर्ग किलोमीटर इलाका बाघ परियोजना के लिए आरक्षित है। जंगल सफारी के दौरान बाघों का दीदार रोमांच पैदा करता है। रिजर्व की आरक्षित सीमा में करीब ढाई सौ गांव और इसके मध्य 26 गांव बसे हैं। सर्दियों के मौसम में यहां से हिमालय का दीदार कश्मीर की याद ताजा करा देती है। रामायण का लेखन क्षेत्र, ऋषि वाल्मीकि का आश्रम, माता सीता की आश्रय स्थली, लव-कुश के जन्म स्थान जैसे ऐतिहासिक स्थल हैं।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।