बिहार के 13 जिलों में शुरू होगी हेलीकॉप्टर सेवा
छोटे शहरों को मिलेगा हवाई कनेक्शन
पटना:बिहार के 13 आकांक्षी जिलों में अब हवाई संपर्क बढ़ाने की तैयारी शुरू हो गई है. इन जिलों में हेलीपोर्ट विकसित किए जाएंगे,जिससे भविष्य में हेलीकॉप्टर सेवाओं का संचालन संभव हो सकेगा. राज्य सरकार ने इस दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए परिवर्तित उड़ान यानी मॉडिफाइड उड़ान योजना से जुड़े समझौता प्रारूप को मंजूरी दी है.
इस योजना को जमीन पर उतारने के लिए नागर विमानन मंत्रालय, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण और बिहार सरकार के बीच समझौता किया जाएगा। समझौते के बाद हवाई संपर्क से जुड़ी परियोजनाओं में केंद्र और राज्य सरकार की जिम्मेदारियां तय होंगी.
जिन 13 आकांक्षी जिलों में योजना शुरू होने की संभावना है, उनमें अररिया, औरंगाबाद, बांका, बेगूसराय, गया, जमुई, कटिहार, खगड़िया, मुजफ्फरपुर, नवादा, पूर्णिया, सीतामढ़ी और शेखपुरा शामिल हैं.
परिवर्तित उड़ान योजना के तहत ऐसे हवाई मार्गों पर भी विमान या हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने में सहायता दी जाएगी, जहां शुरुआती दौर में यात्रियों की संख्या कम रहने का अनुमान है. ऐसे मार्गों पर सेवा संचालन के लिए सरकार की ओर से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सकती है। इससे विमानन कंपनियों के लिए छोटे शहरों में सेवा शुरू करना और उसे जारी रखना आसान होगा.
योजना के तहत राज्य के विभिन्न हवाई अड्डों और हवाई संपर्क से जुड़ी सुविधाओं के विकास के लिए प्रस्ताव लिए जाएंगे.तय प्रक्रिया के अनुसार परियोजनाओं का चयन किया जाएगा.
सरकार का मानना है कि हेलीपोर्ट और नए हवाई मार्ग विकसित होने से आकांक्षी जिलों के लोगों को आवागमन का नया विकल्प मिलेगा. इसके साथ ही पर्यटन, व्यापार और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।