बिहार छात्र आंदोलन पर कांग्रेस आक्रामक : राहुल गांधी ने घायलों से की बातचीत
पटना/सिवानबिहार में छात्र आंदोलन और सीवान गोलीकांड को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस ने इस मुद्दे पर सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सीवान गोलीकांड में घायल छात्रों से फोन पर बातचीत कर उनका हालचाल जाना।
पटना के जयप्रभा मेदांता अस्पताल में एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ की मौजूदगी में राहुल गांधी से घायल छात्रों की बातचीत कराई गई। राहुल गांधी ने छात्रों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उन्हें न्याय की लड़ाई में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
वहीं,बिहार कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावरू और एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ पटना के बेऊर केंद्रीय कारा पहुंचे। दोनों नेताओं ने छात्र आंदोलन के दौरान गिरफ्तार किए गए छात्र नेताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने छात्रों की स्थिति और उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बिहार सरकार छात्रों की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि अपने अधिकारों के लिए आंदोलन करने वाले छात्रों को जेल भेजना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि छात्र देश का भविष्य हैं और उनके साथ अपराधियों जैसा व्यवहार नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि गिरफ्तारी और दबाव के जरिए युवाओं की आवाज को नहीं दबाया जा सकता।
जेल से मुलाकात के बाद विनोद जाखड़ अस्पताल पहुंचे और घायल छात्रों से मिले। इसके बाद वह सीवान पहुंचे, जहां गोलीकांड में घायल छात्रों के परिजनों से बातचीत कर उन्हें समर्थन का भरोसा दिया।
कांग्रेस ने साफ किया है कि वह छात्रों के मुद्दों को लेकर आगे भी आंदोलन जारी रखेगी। बिहार में छात्र आंदोलन अब राजनीतिक मुद्दा बनता जा रहा है।