Hindi News / 694 हिरासत में, 355 गिरफ्तार,91 पुलिसकर्मी घायल,सरकारी संपत्ति को पहुंचा भारी नुकसान

बिहार बंद हिंसा पर पुलिस का एक्शन : 694 हिरासत में, 355 गिरफ्तार,91 पुलिसकर्मी घायल,सरकारी संपत्ति को पहुंचा भारी नुकसान

Edited By:  |
bihar band hinsa par police ka bada khulasa

पटना: बिहार बंद के दौरान 25 जुलाई को हुए छात्र आंदोलन और हिंसक घटनाओं को लेकर बिहार पुलिस मुख्यालय ने विस्तृत प्रेस विज्ञप्ति जारी की है। पुलिस के अनुसार, राज्यभर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कुल 694 लोगों को हिरासत में लिया गया। सत्यापन और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद इनमें से 339 छात्रों और नाबालिगों को रिहा कर दिया गया, जबकि हिंसक गतिविधियों में शामिल पाए गए 355 लोगों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

पुलिस ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान कई स्थानों पर उपद्रवियों ने पुलिस बल और सरकारी संपत्ति को निशाना बनाया। हिंसा में कुल 91 पुलिस अधिकारी और जवान घायल हुए। इसके अलावा 14 सरकारी वाहनों को क्षति पहुंचाई गई तथा एक सरकारी वाहन में आग लगा दी गई।

बिहार पुलिस मुख्यालय के अनुसार, सारण जिले में तैनात दो प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) भी हमले में गंभीर रूप से घायल हुए। इनमें से एक अधिकारी की आंख की रोशनी प्रभावित होने की जानकारी दी गई है। पुलिस का कहना है कि हिंसा करने वालों की पहचान सीसीटीवी फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है।

बिहार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। हिंसा और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले सभी आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई जारी है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की भी अपील की है।